फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहन ने की लव मैरिज, भाइयों ने बहनोई को मार डाला

Tue, 27 Oct 2015 01:39 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
दूसरी बिरादरी में लव मैरिज करने पर बहन को गोली मारने वाले आरोपियों की एक और सनसनीखेज करतूत उजागर हुई है। आरोपियों ने बहन को गोली मारने से पहले बहनोई को प्लॉट दिखाने के बहाने अगवा किया और फिर मौत के घाट उतार दिया था। जिसकी लाश सोमवार को खरखौदा के फफूंडा गांव के जंगल में मिली है। लाश की शिनाख्त होने पर खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चार दिन पहले ही युवक की हत्या कर दी थी। इस मामले में नामजद केस दर्ज हो गया है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट क्षेत्र की फतेहउल्लापुर निवासी हिना व अमजद ने दस साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। तभी से हिना के मायके वाले उनसे नफरत करते थे। दंपति फतेहउल्लापुर में किराये के मकान में रहता था। विगत 22 अक्तूबर को हिना का भाई इंतजार फतेहउल्लापुर आया और अपने बहनोई अमजद को बुलाकर ले गया था। शाम तक अमजद वापस नहीं लौटा तो हिना ने अपने भाई इंतजार को फोन किया।

इंतजार ने हिना को भी प्लाट दिखाने के बहाने बुलाया। तभी इंतजार और उसके दोस्तों ने हिना को गोली मार दी। हिना तभी से निजी अस्पताल में भर्ती है। जमुनानगर बस्ती हापुड़ रोड निवासी अमजद के परिजन सोमवार सुबह खरखौदा थाने पहुंचे। उन्होंने रविवार को मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की जानकारी मांगी और बताया कि अमजद 22 अक्तूबर से लापता है।
विज्ञापन


इसी दौरान पुलिस को गांव फफूंडा निवासी ग्रामीणों ने सूचना दी कि हापुड़ रोड पर पापुलर के बाग में एक युवक की लाश पड़ी है। युवक का गला काटा गया है और शव सड़ी-गली अवस्था में है। पुलिस अमजद के परिजनों को लेकर मौके पर पहुंची तो परिजनों ने शव की शिनाख्त अमजद के रूप में कर ली। अमजद के परिजन नईम ने आरोप लगाते हुए बताया कि अमजद और हिना ने लव मैरिज की थी। जिसके चलते यह मर्डर हिना के भाई ने किया है। खरखौदा पुलिस का कहना है कि इस संबंध में हिना के भाई इंतजार समेत अन्य हत्यारोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। जिनकी तलाश की जा रही है।

बहन भी थी निशाने पर
अमजद के परिजनों ने पुलिस को आरोप लगाते हुए बताया कि हिना के भाई इंतजार ने 22 अक्तूबर को अमजद का मर्डर किया है। अमजद की हत्या के बाद इंतजार ने अपनी बहन हिना को बुलाकर गोली मारी थी। गनीमत रही कि हिना की जान बच गई। अमजद उसी दिन से गायब था, इसकी जानकारी पुलिस को भी थी। लेकिन पुलिस ने अमजद को तलाश करना मुनासिब नहीं समझा। अगर पुलिस शुरूआत में गंभीर हो जाती तो शायद अमजद की जान बच जाती।

बीयर और शराब की बोतलें मिलीं
पुलिस का कहना है कि अमजद की लाश के पास बीयर और शराब की बोतल मिली हैं। जिससे साफ जाहिर है कि आरोपियों ने वारदात से पहले अमजद को बीयर या शराब पिलाई है। नशे की हालत में आरोपियों ने अमजद का गला काटा था।

ऑपरेशन के लिए चंदा
गोली लगने के बाद हिना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने गोली तो तुरंत ही निकाल दी थी लेकिन दूसरा ऑपरेशन करने के लिये पैसे न होने के कारण हिना का चार दिन बाद भी ऑपरेशन नहीं हो सका। परिजनों ने बताया कि चंदा इकट्ठा कर ऑपरेशन के लिये पैसों का इंतजाम किया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें