फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाहिदपुर में होलिका दहन स्थल कब्जाने पर सांप्रदायिक तनाव

Wed, 01 Mar 2017 05:02 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हापुड़ रोड स्थित जाहिदपुर गांव में पुजारी से मारपीट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि मंगलवार को होली की जमीन को लेकर फिर सांप्रदायिक तनाव हो गया। होलिका दहन के लिए दान की गई 750 मीटर जमीन पर दूसरे समुदाय के लोगों ने कब्जा कर लिया, इसके विरोध में हंगामा हो गया। पुलिस अफसरों ने किसी तरह मामला शांत कराया। एसडीएम सदर ने गांव में जाकर जमीन की जांच की।
विज्ञापन


खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित जाहिदपुर गांव मिश्रित आबादी का गांव है। पहले भी गांव में कई बार दोनों समुदाय के लोगों में टकराव की स्थिति बन चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में चकबंदी के पहले लाला पुरुषोत्तम दास ने होलिका दहन के लिए 750 मीटर जमीन दान दी थी। लाला ने जमीन को होली चौक के नाम से दर्ज तो नहीं कराया, लेकिन समाज को ऐसे ही दे दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि इसी चौकी पर उसी समय से होलिका का दहन होता आ रहा है। आरोप है कि दूसरे समुदाय के कई परिवारों यहां अपने पशु बांधने शुरू कर दिए। होलिका दहन वाले दिन वो लोग वहां से पशुओं को खोल लेते थे। दो साल पहले जमीन पर फूस का छप्पर डाल दिया। लोगों के विरोध के बावजूद दो माह पहले जमीन पर कमरा व दुकान बना दी। एक खोखा भी खड़ा कर दिया। पीड़ितों ने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की। अधिकारियों ने गांव में जाकर जांच तो की, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटवाया। पिछले कई दिन से जमीन को लेकर दोनों समुदाय में तनाव चल रहा है। मंगलवार को दूसरे समुदाय के लोगों ने अतिक्रमण हटाने से इंकार कर दिया। इस पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों समुदाय के लोगों के आमने सामने आने के बाद खरखौदा इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर हर्षिता माथुर भी मौके पर पहुंचीं और जमीन की जांच कराई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि अतिक्रमण नहीं हटवाया तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

मंदिर में आरती पर हुआ था बखेड़ा
10 दिन पहले शिव मंदिर में आरती के दौरान दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने पुजारी से मारपीट कर दी थी। सांप्रदायिक तनाव हुआ तो सीओ किठौर ने गांव में पीएसी तैनात की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तनाव को देखकर चार दिन गांव में पुलिस तैनात रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें