ब्रह्मपुरी इलाके में 12 साल की बच्ची से गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात हो गई। पीड़ित बच्ची को उसकी मां एसएसपी ऑफिस लेकर पहुंची तो हड़कंप मच गया। एसएसपी के निर्देश पर महिला थाने में तुरंत केस दर्ज कराते हुए एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पांच आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ले में मुरादाबाद का एक परिवार किराये के मकान में रहता है। शुक्रवार सुबह घर पर 12 साल की बच्ची अकेली थी। इस दौरान वहां पड़ोस का रहने वाला मोनू उर्फ इरफान पहुंचा। उसके हाथ में कलावा बंधा था। जो बच्ची को बहला फुसलाकर एक मकान में ले गया। जहां पर आरोपी ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर बच्ची से दुष्कर्म किया। बच्ची को बेहोशी की हालत में आरोपी उसके घर छोड़कर फरार हो गए।
करीब आधे घंटे बाद बच्ची की मां घर लौटी तो बच्ची द्वारा आपबीती बताने से उसके होश उड़ गए। इसकी जानकारी पर आसपास के लोगों की भी भीड़ लग गई। पीड़ित परिवार बच्ची को लेकर सीधे एसएसपी ऑफिस पहुंच गया। बच्ची से गैंगरेप के मामले की जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ ने महिला थाना और सिविल लाइन पुलिस को आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर महिला थाना के अनुसार दबिश देकर मोनू उर्फ इरफान को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे सिविल लाइन थाने को सौंप दिया गया।
हाथ में कलावा, नाम मोनू बताता था
पुलिस के मुताबिक आरोपी इरफान मोहल्ले और आसपास में अपनी पहचान छिपाने के लिए हाथ में कलावा बांधता था और अपना नाम मोनू बताकर महिलाओं से संपर्क बढ़ाता था। जांच में खुलासा हुआ कि मोनू उर्फ इरफान ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट में सेक्स रैकेट भी चलाता है। इस रैकेट में उसके साथ दो महिलाएं और पांच लोग जुड़े हैं।
मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि
पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्ची के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। शनिवार को बच्ची के बयान दर्ज होंगे। कार्यवाहक एसओ सिविल लाइन ओमबीर गुप्ता ने बताया कि आरोपी मोनू उर्फ इरफान से पूछताछ की जा रही है।