फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आश्रम से चार गाय चुरा ले गए हथियारबंद बदमाश    

Wed, 23 Mar 2016 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
गाय चोरी होने के बाद धरने पर बैठे भाजपाई और संत। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सूरजकुंड स्थित मनोहर दास मंदिर के आश्रम से सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा चार गाय चोरी करके ले जाने से माहौल गरमा गया। मंगलवार सुबह भाजपा और हिंदू संगठनों कार्यकर्ताओं ने आश्रम पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस का घेराव कर जमकर खरीखोटी सुनाई।
विज्ञापन


अल्टीमेटम के बावजूद शाम पांच बजे तक भी बरामदगी न होने पर भाजपा सांसद, विधायक, महापौर समेत हिंदू संगठनों के सैकड़ों लोगों ने आश्रम पर धरना शुरू कर दिया। देर शाम एसएसपी के आश्वासन पर धरना खत्म किया गया।

आश्रम की संचालिका गुरू नीलिमा नंद महाराज महामंडलेश्वर ने बताया कि सोमवार रात करीब 2:30 बजे हथियारबंद बदमाश उनके आश्रम में घुसे, और वहां बंधी चार गायें खोल लीं। जब बदमाश बाहर खड़े वाहन में गाय लादकर ले जाने लगे तो आश्रम के कर्मचारियों की आंख खुल गई। उन्होंने हथियार बंद बदमाशों को गाय ले जाता देख शोर मचा दिया। इस बीच बदमाश गाय लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना पर थोड़ी देर बाद ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। 
विज्ञापन


मंगलवार सुबह जब यह बात शहर में फैली तो बजरंग दल नेता बलराज डूंगर, गोपाल शर्मा, मनीष कुमार, उमेश, सुदर्शन चक्र महाराज समेत विहिप, शिव सेना आदि हिंदू संगठन और भाजपाइयों की भीड़ आश्रम पर जमा हो गई। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल गर्माता देख सीओ सिविल लाइन वीर कुमार सिविल लाइन और नौचंदी थाना पुलिस के साथ वहां पहुंचे।

लोगों ने पुलिस का घेराव करते हुए आरोप लगाया कि कटान के लिए गाय चोरी की गई हैं। इस बीच सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया भी यहां पहुुंच गए थे। बलराज डूंगर ने एलान कर दिया कि शाम पांच बजे तक गाय बरामद कर आरोपी नहीं पकड़े जाते तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। 

इस घोषणा से पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। सिविल लाइन पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। शाम पांच बजे सांसद, महापौर, विधायक रविंद्र भड़ाना, सत्यप्रकाश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, धर्म गुरू और हिंदू संगठन नेता आश्रम में धरना देकर बैठ गए। उन्होंने बरामदगी न होने तक धरने से न उठने की घोषणा कर दी।

शाम करीब 6:30 बजे एसएसपी डीसी दुबे ने आश्रम पहुंचकर बरामदगी के लिए 10 दिनों का समय मांगा, लेकिन काफी हंगामे के बाद पांच दिनों में गायों की बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन पर रासुका लगाने के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया गया। सिविल लाइन थाने में चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

जैसे आजम खां की भैंस ढूंढी, वैसे ही खोजो गाय  
मनोहर नाथ मंदिर आश्रम से चार गाय चोरी होने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पुलिस अफसरों से दो टूक कहा कि जैसे रामपुर में आजम खां की भैंस दो दिन के अंदर ढूंढ ली थी, वैसे ही हमारी गाय भी खोजकर लाओ। 

इस वारदात को लेकर संत समाज और भाजपा नेता गुस्से में हैं। उन्होंने धरने के दौरान पुलिस अफसरों पर सवालों की बौछार की। हिंदू जागरण मंच और बजरंग दल के साथ महा मंडलेश्वर पीठाधीश्वर गुरु मां निलिमा नंद महाराज, ब्रह्मचारी कृष्ण स्वरूप जी महाराज और शनि पीठाधीश्वर महंत श्री महेंद्र दास जी महाराज के साथ सैकड़ों गौ रक्षकों ने विरोध प्रकट करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वाजपेयी ने कहा कि गोहत्या और चोरी के मामले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। पुलिस वर्ष 2012 से अब तक जिले में कितनी गाय चोरी हुई और क्या कार्यवाही हुई है, इसकी पूरी जानकारी दे। पुलिस अफसर जब यूपी के कैबिनेट मंत्री की भैंस दो दिनों के अंदर खोज सकते हैं तो इतने समय में गाय भी ढूंढकर लाओ। 

बजरंग दल के वरिष्ठ पदाधिकारी बलराज डूंगर ने कहा कि  पिछले साल शामली में बजरंग दल के गौ रक्षक ने एक गोवंश चोरी करने वाले की पिटाई क्या कर दी, पुलिस ने उस पर रासुका ही लगा दी। पुलिस एक गो रक्षक पर रासुका लगा सकती है तो फिर गो हत्यारों पर क्यों नहीं। सुदर्शन चक्र महाराज ने गो रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

महापौर ने कहा कि यदि पुलिस नियत समय में गाय नहीं ढूंढ पाती है तो संत समाज के साथ मिलकर भाजपा के सभी पार्षद एसएसपी आवास पर अनिश्चित कालीन धरना देंगे। पूर्व पार्षद ललित नागदेव, नरेंद्र उपाध्याय, मुकेश सिंघल, राधा रमन, प्रवीण योगी, सोमनाथ शर्मा, मुक्ता चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।

गो हत्या हिंदू धर्म पर प्रहार
शनि पीठाधीश्वर महेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि गो रक्षक एकजुट होंगे तो गो हत्या पर पूर्ण रुप से अंकुश लगाया जा सकता है। गाय चोरी या हत्या पूरी तरह हिंदू धर्म पर प्रहार है। कुछ असामाजिक तत्व यह दिखाना चाहते हैं कि  वह देश और धर्म सभी से ऊपर है। ब्रह्मचारी कृष्ण स्वरूप जी महाराज ने कहा वेद और पुराणों के अनुसार गाय में 40 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है।

हिंदुओं के लिए गाय माता के समान है। इस तरह के कृत्य करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जानी जरूरी है। इससे सभी को सीख मिलेगी। महा मंडलेश्वर पीठाधीश्वर गुरु मां निलिमां नंद जी महाराज ने कहा कि मंदिर प्रांगण में पूर्व में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। कुछ शरारती तत्व अपने विशेष उद्देश्य के लिए इस तरह का कृत्य कर रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें