बागपत के एक गांव में दुष्कर्म पीड़ित महिला पर चार लोगों ने जानलेवा हमला किया। घर में घुसकर चुनरी से गला घोंट दिया और छप्पर में आग लगा दी। शोर शराबा होने पर आरोपी भाग निकले। दो अप्रैल को दुष्कर्म के मामले में महिला की गवाही होनी है। पीड़ित महिला ने तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने एक साल पहले शामली जनपद के दो युवकों पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब दोनों आरोपी जमानत पर जेल से छूट कर बाहर आ गए है। यह मुकदमा न्यायालय विचाराधीन है। दो अप्रैल को महिला की गवाही होनी है। रविवार की रात में उसका पति किसी काम से बाहर गया। वह बच्चों के साथ अंदर कमरे में सो रही थी। रात्रि में बाहर से किसी ने मकान का दरवाजा खटखटाया। उसने दरवाजा खोला तो चार लोग अंदर घुस आए और उसे दबोच लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दी। गले में चुनरी से फंदा लगाकर मारने की कोशिश की। धमकी दी कि यदि दुष्कर्म के मामले में गवाही दी तो मार देंगे। दो आरोपी को उसने पहचान लिया। शोर शराबा होने पर मोहल्ले के लोग आए तो चारों आरोपी मकान का दरवाजा बंद कर बाहर छप्पर में आग लगाकर भाग निकले। पड़ोसियों ने आग बुझाई और उसे बाहर निकाला।
इसके बाद रात्रि में ही डायल 100 पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी लेकर चली गई। महिला ने दो आरोपियों को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/