मेरठ में लालकुर्ती पैंठ बाजार में मंगलवार को रास्ते के विवाद में जमकर बवाल हुआ। दो दर्जन से अधिक युवकों ने बाजार में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी, जिसमें छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लालकुर्ती पैंठ बाजार में कप-प्लेट का ठेला लगाने वाले किशोर से मामूली बात पर सोहराब गेट निवासी नवाब और खालिद का विवाद हो गया। किशोर को नवाब ने चांटा जड़ दिया। पड़ोस में ही गांधी खादी भंडार संचालक पुर्वा अब्दुल अंसार गली नंबर-1 हापुड़ रोड निवासी हाजी अब्दुल कादिर ने नवाब का विरोध किया तो उनमें नोकझोंक हो गई। उस दौरान नवाब और खालिद वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद दोनों करीब 15-20 युवकों को साथ लेकर वहां पहुंचे व मारपीट शुरू कर दी। जो भी सामने आया, उसे बुरी तरह पीटा। गांधी खादी भंडार के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की। कप-प्लेट का ठेला पलट दिया। युवकों की दबंगई देख दूसरे पक्ष ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। करीब आधा घंटे बाद लालकुर्ती इंस्पेक्टर दिलीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। घायलों को अस्पताल भिजवाया और उत्पात मचा रहे दर्जनभर युवकों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद एक पक्ष थाने पहुंचा और तहरीर दी। देर रात पुलिस ने मेहराजुद्दीन पुत्र कदीर अहमद व मोहम्मद अनस पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी पुर्वा अब्दुल अंसार गली नंबर-1 हापुड़ रोड और चार अज्ञात सहित छह पर केस दर्ज किया।
बीच-बचाव में हुए आधा दर्जन घायल
लालकुर्ती में बवाल के दौरान करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए। इन्होंने दावा किया कि वह असर की नमाज पढ़कर बाहर निकले थे। मारपीट होते देखी तो बीच-बचाव पहुंच गए। हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। घायलों में सोहराबगेट निवासी हाजी इकराम, हाजी इरफान, आदिल, जावेद और सलमान बताए जा रहे हैं।