गुंडागर्दी की सूचना पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन थाने के पास वीआईपी इलाके में बुधवार को सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिली। कैलाश प्रकाश स्टेडियम से लेकर मवाना बस स्टैंड तक 20-25 युवकों ने तांडव मचाया। उनके हाथों में डंडे थे। वह बार-बार गाली देकर किसी को मारने की धमकी देते रहे। इसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन अराजकता का माहौल देखकर चुपचाप लौट गई।
यह मामला कैलाश प्रकाश स्टेडियम का है। दो एथलीट निखिल और सागर के मोबाइल फोन स्टेडियम से चोरी हो गए। इसकी जानकारी लगने पर स्टेडियम में आने वाले युवकों की भीड़ लगने लगी। इस दौरान शोर मच गया कि आरोपी मोबाइल लेकर मवाना बस स्टैंड की तरफ गए हैं। जिसके बाद करीब 20-25 युवक हाथों में डंडे लेकर मवाना स्टैंड के पास चल पड़े। उनके सामने जो आया, उसके साथ गालीगलौज करनी शुरू की। स्टेडियम की दीवार पर चढ़कर युवक यह तमाशा देखते रहे और मवाना बस स्टैंड पर अराजकता का माहौल बन गया। उक्त युवक स्टेडियम की तरफ भागते तो कभी मवाना स्टैंड की तरफ।
लोग तमाशबीन बनकर युवकों को देखते रहे, जैसे वहां गुंडाराज हो गया हो। लोगों की सूचना पर सिविल लाइन थाने की फैंटम पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन युवकों को टोकने की जहमत नहीं उठाई। करीब एक घंटे तक अराजकता का माहौल रहा। लेकिन थाने से पुलिस फोर्स नहीं पहुंची। इस मामले में इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी का कहना है कि उनके पास कोई लिखित में शिकायत नहीं आई। इसकी सूचना पर फैंटम पुलिस भेजी थी। लेकिन वहां कोई नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जाएगी।