मेरठ/सहारनपुर/खतौली। कंकरखेड़ा में टेंपो चालक अनुज कुमार के हत्यारोपियों से सहारनपुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन आरोपियों को दबोच लिया गया। पांचों आरोपी आपस में दोस्त थे। एक महिला की अश्लील फोटो सोशल साइट पर वायरल करने को लेकर विवाद हुआ था। जिससे आहत होकर उक्त महिला भी शनिवार को खतौली गंगनहर में कूद गई।
यह मामला कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र का है। बृहस्पतिवार को सुंदर नगर कॉलोनी में अनुज प्रजापति निवासी नंगलाताशी की उसके आधा दर्जन दोस्तों ने हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक अनुज के दोस्त शुभम निवासी कंकरखेड़ा के एक महिला से संबंध थे। शुभम और महिला के अश्लील फोटो मोबाइल में थे। अनुज ने शुभम से मोबाइल खरीदा था, जिसके चलते फोटो सार्वजनिक हो गए। अश्लील फोटो सोशल साइट पर वायरल होने पर अनुज व शुभम की दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। इसके चलते अनुज की हत्या की गई।
मेरठ पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। शुक्रवार देर रात सहारनपुर देहात कोतवाली पुलिस की टपरी फाटक के पास दो बाइकों पर सवार पांच युवकों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से शुभम प्रजापति और चांद निवासी नंगलाताशी थाना कंकरखेड़ा मेरठ घायल हो हुए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके तीन साथियों सचिन कुमार निवासी शिवलोकपुरी कंकरखेड़ा मेरठ, धर्म सिंह उर्फ अर्जुन निवासी नंगलाताशी कंकरखेड़ा तथा रोहित निवासी जी-21 सैनिक बिहार, कंकरखेड़ा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बाइक, एक पिस्टल, तीन तमंचे, एक चाकू एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसएसपी सहारनपुर दिनेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह कंकरखेड़ा में अनुज प्रजापति की हत्या करके भागे थे। मेरठ में पुलिस से बचने के लिए आरोपी फरार हो गए थे और छिपने के लिए सहारनपुर में अपने किसी परिचित के यहां जा रहे थे।
इन वारदातों को दिया अंजाम
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने 23 मई को कंकरखेड़ा में अनुज की हत्या की थी। 22 मई को जानी क्षेत्र से बाइक लूटी थी। 14 मई को खड़ौली तिराहे पर एक महिला से पर्स छीना था। 19 मई को बागपत रोड से बाइक लूटी थी। फरवरी में खड़ौली बाईपास पर ही पेट्रोल पंप से 50 हजार रुपये लूटे थे। रोहटा रोड पर शराब के ठेके के सामने से 50 हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया था।
महिला बेटे को गोद में लेकर गंगनहर में कूदी
खतौली/मेरठ। पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर दो बजे एक महिला अपने चार साल के बच्चे को लेकर गंगनहर स्थित अलकनंदा पुल पर पहुंची। उक्त महिला की अश्लील फोटो सोशल साइट पर वायरल हुई थी। जिससे आहत होकर महिला ने ऐसा कदम उठा लिया।
महिला ने गंगनहर के पास ठेली लगाने वाले एक दुकानदार से अपने पति से बातचीत करने के लिए मोबाइल फोन लिया। लेकिन पति ने कॉल रिसीव नहीं की। जिसके बाद वह बेटे को लेकर गंगनहर में कूद गई। आसपास के लोगों ने बच्चे को तो बचा लिया। लेकिन महिला डूब गई। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने ठेली वाले के मोबाइल से वह नंबर लिया, जिस नंबर से उसने अपने पति से बातचीत करने को कहा था। पुलिस ने उस नंबर से उसके पति से बातचीत की। उक्त महिला की शादी 2012 में हुई थी। महिला की मुलाकात शुभम से हुई थी।