प्रेस वार्ता कर बदमाश के बारे में जानकारी देते एसपी देहात अविनाश पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में किठौर पुलिस और क्राइम ब्रांच की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग के बाद पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की गिरफ्त में आया बदमाश हत्या और लूट सहित कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
वहीं एसपी देहात अविनाश पांडेय ने गुरुवार दोपहर को प्रेसवार्ता कर इस मामले में जानकारी दी। एसपी देहात ने बताया कि राहुल पर 25 हजार का इनाम था। उसे देर रात किठौर पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया।
एसपी देहात अविनाश पांडेय के अनुसार बुधवार देर रात क्राइम ब्रांच को परीक्षितगढ़ क्षेत्र में वांछित बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। दोनों बदमाश बाइक पर सवार थे। क्राइम ब्रांच ने उनका पीछा शुरू कर दिया। साथ ही किठौर पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। पुलिस की घेराबंदी के बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस गिरफ्त में आए बदमाश की पहचान मुजफ्फरनगर के टितोड़ा निवासी वांछित अपराधी राहुल पुत्र भागमल के रूप में हुई।
एसपी देहात ने बताया कि राहुल भड़ौली निवासी रवि की हत्या में वांछित था। इसके अलावा बहसूमा से स्कॉर्पियो लूट, रोहटा में संदीप नाई की हत्या सहित अन्य कई गंभीर मामलों में वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल और 32 बोर का पिस्टल बरामद की है। देर रात तक फरार बदमाश की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाश नहीं मिला।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/