30 जून मंगलवार को शांतिनगर स्थित अनुज के मकान में अमित का शव मिला था। जिसके सिर पर प्रहार कर हत्या की गई थी। अनुज लापता था ।जिस पर मृतक अमित के पिता राजकुमार ने अनुज पर ही उसके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस तभी से इस मर्डर मिस्ट्री में जुटी हुई है। जांच पड़ताल और मोबाइल फोन की सीडीआर के अनुसार पुलिस ने एक संदिग्ध को उठाकर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर अनुज की भी उसी रोज हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आज दोपहर अनुज का शव छपार थाना क्षेत्र के गांव बढेड़ी के जंगल से बरामद कर लिया।
इंस्पेक्टर नई मंडी योगेश शर्मा ने बताया कि अनुज चौधरी मूल रूप से बुलंदशहर के थाना अगौता के गांव शैकली का निवासी था, जो काफी समय से मुजफ्फरनगर में ही रह रहा था। पढ़ाई के दौरान उसकी मित्रता सिम्भालका निवासी अमित के साथ हुई थी। दोनों फाइनेंस का काम करने लगे थे। यहां शांतिनगर में मकान में रहते थे। फिलहाल हत्याकांड में शामिल अन्य हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस छानबीन में लगी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच-पड़ताल के अनुसार डबल मर्डर का कारण अभी पैसों का लेनदेन सामने आया है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होने परऔर स्थिति स्पष्ट होगी।