टीपीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को छेड़छाड़ से परेशान एक ब्यूटी पार्लर संचालिका ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि शनिवार को पार्लर संचालिका और उसकी मां के साथ पड़ोसी दुकानदार ने मारपीट की थी। घटना के बाद से पुलिस अफसरों में हड़कंप मचा है। आनन फानन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना क्षेत्र के शिवपुरम निवासी 28 वर्षीय युवती का ढाई साल का बेटा भी है। ससुराल में विवाद के बाद से युवती छह माह से अपने बच्चे के साथ मायके शिवपुरम में रह रही थी। क्षेत्र में ही उसने ब्यूटी पार्लर भी खोल रखा है। उसके पड़ोस में कपड़े की दुकान है। आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार आए दिन उसे परेशान करता था। इस बात को लेकर युवती के पिता ने भी दुकानदार को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। शनिवार को पार्लर संचालिका का दुकानदार से विवाद हुआ तो वह घर चली गई। इसी बीच दुकानदार ने उसे फोन करके बुलाया। युवती अपनी मां के साथ पार्लर पहुंची। आरोप है कि दुकानदार ने युवती और उसकी मां के साथ मारपीट की। इसके बाद युवती अपने पिता के साथ टीपीनगर थाने पहुंची और दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पड़ोस का विवाद बताकर समझौता करा दिया। छेड़छाड़ और मारपीट से परेशान युवती डिप्रेशन में आ गई।
रविवार दोपहर युवती बच्चे को लेकर घर से निकली। इसके बाद टीपीनगर क्षेत्र में मेरठ दिल्ली रेलवे ट्रैक पर नई बस्ती के पास युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। लोगों ने युवती के पिता और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद कुमार गौतम पहुंचे। युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा था, जबकि बच्चा घटनास्थल से कुछ दूर बैठा था। युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी काके उसकी पत्नी व एक अन्य महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है।
युवती के पिता ने तहरीर में दुकानदार पर छींटाकशी का आरोप लगाया है। शनिवार को युवती और दुकानदार के बीच मारपीट की बात सामने आई थी। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। पुलिस पर समझौता कराने का आरोप गलत है। - प्रमोद कुमार गौतम, इंस्पेक्टर टीपीनगर
‘इंसाफ का नहीं मौत का समझौता कहिए’
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन से सख्त निर्देश के बाद भी शहर में महिला से जुड़ा अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन शहर में छेड़छाड़ की वारदात हो रहीं हैं, लेकिन एंटी रोमियो स्क्वाएड गायब है। महिला थाना पुलिस का मनचलों के खिलाफ अभियान भी ठंडे बस्ते में है। ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ मारपीट के मामले में भी यदि पुलिस कार्रवाई करती तो शायद युवती जान नहीं देती। बिलखते हुए युवती के कहते हैं कि पुलिस ने ऐसा समझौता कराया कि बेटी की जान ही चली गई।
छेड़छाड़ के बाद जान देने वाली टीपीनगर निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ जब शनिवार को मारपीट हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आपसी विवाद बताकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। लेकिन उसकी बेटी को यह मंजूर नहीं था। बेटी बार बार यही कह रही थी कि मेरे साथ ब्यूटी पार्लर पर सरेआम मारपीट की गई है। मां ने बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की। मैं यह बर्दाश्त नहीं कर सकती। पीड़िता बार-बार पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रही थी। रविवार को युवती के जान देने के बाद पुलिस की नींद टूटी। युवती के साथ हुई मारपीट के मामले में की गई कार्रवाई का पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। युवती की आत्महत्या को लेकर भी पुलिस चुप्पी साधे है। युवती की मौत के बाद पुलिस कह रही है कि दोनों पक्षों ने आपस में समझौता किया था।
आखिर कब जागेगी पुलिस
-6 जनवरी 2018 - भावनपुर थाना क्षेत्र में स्कूल से घर जा रही 14 वर्षीय छात्रा पर युवकों ने अश्लील हरकतें कीं। छात्रा ने घर पहुंचकर केरोसिन डालकर आग लगा ली थी। एसओ और सीओ पर गिरी थी गाज।
- 27 अगस्त 2018 - खरखौदा क्षेत्र में मनचलों से परेशान होकर किेशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। किशोरी की मौत होने पर दो आरोपी जेल भेजे गए।
- 17 अगस्त 2018 - सरधना थाना क्षेत्र में मनचलों ने घर में घुसकर छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की। विरोध करने पर छात्रा को आग लगा दी। चार सितंबर को छात्रा की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी।
- अगस्त 2018 - मेडिकल क्षेत्र से शोहदों ने किशोरी का अपहरण किया। बरामदगी के बाद आरोपियों ने बेटी को बदनाम करने की धमकी दी। पांच सितंबर को छात्रा के पिता ने दबाव में आकर जान दे दी।
-22 मार्च 2019 - किठौर की कन्या पाठशाला में छात्रा से छेड़छाड़ की वीडियो वायरल हुई। एसएसपी के निर्देश पर किठौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।
ब्यूटी पार्लर संचालिका ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। लड़की के पिता का आरोप है कि लड़की के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस कारण वह परेशान थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज किया है। मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा समझौता कराने की जांच कराई जा रही है। -डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी
मासूम बैठा रहा और मां चली गई
मेरठ। ढाई साल के मासूम को नहीं पता था कि उसकी मां की जान चली गई है। रेलवे ट्रक पर जहां पार्लर संचालिका का शव पड़ा था, वहां से कुछ दूरी पर ही उसका बच्चा बैठा मिला।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी ने रविवार को ब्यूटी पार्लर नहीं खोला था, क्योंकि वह परेशान थी। दोपहर करीब दो बजे वह और परिवार के लोग अंदर सोए थे। इस दौरान वह कब घर से चली गई, उन्हें पता ही नहीं चला। इस बीच किसी ने फोन पर सूचना दी कि तुम्हारी बेटी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी है। मौके पर पहुंचा तो ट्रैक पर शव पड़ा था। बच्चा दूर बैठा था। युवती की मां व अन्य लोग बिलखने लगे तो बच्चा भी रो पड़ा। युवती की मां तो मौके पर बेहोश हो गई।
मारपीट की वीडियो वायरल
पार्लर संचालिका से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। परिजनों का दावा है कि वह वीडियो शनिवार का है। जिसमें ब्यूटी पार्लर के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। दो महिलाएं पार्लर संचालिका से हाथापाई करती दिख रही हैं। पीड़िता के बाल बिखरे हैं और वह बचाव की कोशिश में है। हालांकि सीओ ब्रह्मपुरी का कहना है कि मारपीट की कोई वीडियो है तो उसकी भी जांच कराई जा रही है।
पति भी पहुंचा मौके पर
पार्लर संचालिका टीपीनगर क्षेत्र की है। उसकी शादी ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। पुलिस के अनुसार पार्लर संचालिका का पति एक प्रकाशन कंपनी में नौकरी करता है। पत्नी की मौत का पता चलने पर वह भी मौके पर पहुंचा। युवक ने बताया कि ससुराल वाले हस्तक्षेप करते थे। हम दोनों में आपसी मनमुटाव था। छह माह से पत्नी मायके में ही थी।