फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली के शार्प शूटरों ने सुपारी लेकर की थी लईक की हत्या

Wed, 17 Apr 2019 03:16 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दिल्ली के बटला हाउस इलाके में रहने वाले कढ़ाई कारीगर लईक की हत्या दिल्ली के शूटरों से सुपारी देकर कराई गई थी। परतापुर पुलिस ने दानिश व सलमान नाम के शूटरों को गिरफ्तार कर यह दावा किया।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक शूटरों ने बताया कि लईक की हत्या के पीछे दिल्ली के व्यापारी का हाथ है, जिसने सुपारी दी। लईक के साथ स्विफ्ट कार में बैठे एक दोस्त ने सटीक रेकी की थी, उसके बाद शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों की मानें तो लईक ने दिल्ली के एक व्यापारी की मुखबिरी कर उसका लाखों रुपये का सोना पकड़वा दिया था। लईक उक्त व्यापारी के कारनामे उजागर करने लगा था। इस हत्या में दस लाख की सुपारी देने की बात सामने आई है।  
दानिश और सलमान ने बरसाईं गोली
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी दानिश और सलमान दिल्ली के शार्प शूटर हैं। सुपारी लेकर हत्या करना उनका पेशा है। लईक की हत्या में दानिश ने दोनों हाथों से पिस्टल से गोलियां बरसाईं थीं। दूसरा शूटर उसके साथियों को दौड़ा रहा था। बाद में सलमान ने भी लईक को दो गोलियां मारी थीं। आरोपियों द्वारा वारदात कबूल करना बताया गया है। मेरठ पुलिस सुपारी देने के आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली में पहुंची है।
विज्ञापन

पल-पल की थी शूटरों को जानकारी
पुलिस ने बताया कि कार में सवार एक दोस्त ने सुपारी देने वाले व्यापारी को कॉल करके बताया कि वो मेरठ से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। उसी को देखते परतापुर हाईवे पर बालाजी ढाबे के पास गाड़ी का रुकना तय हो चुका था। इसके चलते दोनों शूटर ढाबे पर पहले ही पहुंच गए थे। गाड़ी रुकी तो दोस्त ने मिस्ड कॉल की। शूटरों को फोन करके बताया गया कि लईक गाड़ी में बैठा है। तभी शूटरों ने गोलियां बरसा दीं।
यह हुई थी वारदात
मवाना क्षेत्र के सठला गांव निवासी लईक (23) अनीस दिल्ली के बटला हाउस में जरी कढ़ाई का कारीगर था। रविवार रात लईक अपने साथी सुहेल, बाबर, कादिर, अली अब्बास के साथ स्विफ्ट कार से हापुड़ रोड स्थित यामीन की शादी समारोह से रविवार रात 2:30 बजे दिल्ली लौट रहा था। बाबर, कादिर व अब्बास परतापुर तिराहे पर बालाजी ढाबे पर कार रोककर सिगरेट और पानी की बोतल लेने गए थे। कार में ड्राइविंग सीट पर सुहेल बैठा था और लईक उसकी बगल में बैठा था। तभी वहां पहुंचे दो बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर लईक की हत्या कर दी थी।
लेनदेन का मामला बताया
एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि लईक की हत्या पैसे के लेनदेन को लेकर हुई है। हालांकि शूटरों ने बताया कि लईक का दिल्ली बटला हाउस के एक व्यापारी से विवाद हो गया था। उक्त व्यापारी का दिल्ली में अवैध काम चलता है। जिसकी जानकारी लईक को लग चुकी थी। इसको देखते सुपारी देकर व्यापारी ने लईक की हत्या करा दी। पुलिस ने इस मामले में काफी जांच पड़ताल कर ली है।
हत्या में प्रेमिका की भूमिका नहीं
एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि लईक की हत्या में उसकी प्रेमिका का कोई लेनादेना नहीं है। हत्या के बाद प्रेमिका की लईक के मोबाइल पर कोई कॉल आई, जिसे पुलिस द्वारा रिसीव करना भी बताया गया है। लईक की हत्या में प्रेमिका से फोन पर बातचीत की गई। लेकिन कोई विवाद सामने नहीं आया। दोनों शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने लईक की हत्या का कारण स्पष्ट कर दिया।
गद्दार दोस्त को जेल भेजो
पुलिस ने बताया कि लईक की गाड़ी में सुहेल, बाबर, कादिर, अली अब्बास थे। सभी दोस्त दिल्ली के बटला हाउस क्षेत्र के निवासी हैं। एक दोस्त ने लईक के साथ गद्दारी की है। पीड़ित परिवार और लईक के तीनों दोस्त कहते हैं कि इस गद्दार दोस्त को नामजद आरोपी बनाया जाए। बाकी तीनों दोस्तों को क्लीन चिट मिलनी चाहिए। परतापुर पुलिस का कहना है कि बेकसूर जेल नहीं जाएंगे। अभी जांच चल रही है। अन्य दोस्तों की भूमिका भी देखी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें