हंगामा करते लोगों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किठौर थाना क्षेत्र के चांदपुर के पास खादर में रविवार देर रात करीब ढाई बजे पूर्व प्रधान के फार्म हाउस पर जमीन के विवाद में फिर फायरिंग हो गई। जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक पक्ष ने दूसरे पक्ष सहित पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप लगाकर एसपी देहात को घेर लिया और शव नहीं उठने दिया। एसपी देहात द्वारा एसओ किठौर को लाइन हाजिर करने के बाद ही भीड़ मानी। ईद के मौके पर हुए इस प्रकरण को लेकर सांप्रदायिक तनाव बना है।
पुलिस के अनुसार किठौर थाना क्षेत्र में चांदपुर के पास खादर की बाबा बिरसा सिंह की सैकड़ों बीघा जमीन को लेकर मंजीत पक्ष और ललियाना के पूर्व प्रधान शहनवाज पक्ष में पुराना विवाद चल रहा है। यहीं पर शहनवाज का फार्म हाउस भी है। 15 दिन पहले किठौर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पूर्व प्रधान शहनवाज समेत आठ लोगों को लाइसेंसी रायफल और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोप था कि शहनवाज पक्ष दूसरे पक्ष के लोगों की हत्या की प्लानिंग बना रहा था। शहनवाज और उसके पक्ष के लोगों को जेल भेजा गया था।
रविवार रात शहनवाज के फार्म हाउस पर ललियाना निवासी सदाकत (35) पुत्र अलीमुद्दीन पानी चलाने गया था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। फायरिंग की सूचना पर एसओ किठौर ओमप्रकाश भी फोर्स के साथ पहुंच गये। इस बीच सदाकत की गोली लगने से मौत गई। पुलिस पर फायरिंग हुई तो एसओ जान बचाकर भाग निकले। सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ किठौर मनीष यादव पीएसी और पुलिस के साथ पहुंचे। सदाकत पक्ष के लोगों ने अधिकारियों के सामने शव नहीं उठने दिया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये। आधी रात तक दोनों समुदाय के लोगों में तनाव की स्थिति थी।
पुलिस पर लगाए आरोप
सदाकत पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि किठौर पुलिस की मिलीभगत से दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोला है। आरोप है कि पुलिस के साथ ही आरोपी फायरिंग करने गए थे। वहीं, सीओ किठौर का कहना है कि पुलिस पर आरोप गलत हैं। पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। उधर, सांप्रदायिक तनाव काे देखते हुए आधी रात को भी ललियान गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।