लिसाड़ी गेट की जाकिर कालोनी में दूध की डेयरी की आड़ में चल रहे मिनी कमेले का बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। मौके से तीन भैंस कटी हालत में मिली। करीब 12 क्विंटल मीट, कटान के उपकरणों को बरामद करने के साथ ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह को बुधवार देर रात सूचना मिली कि लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की जाकिर कालोनी गली नंबर-3 में बड़े स्तर पर कटान हो रहा है। आरोप गोकशी के भी थे। एसपी सिटी ने अपनी स्पेशल टीम को लिसाड़ी गेट पुलिस के साथ कार्रवाई के लिए भेजा। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे संयुक्त टीम ने जाकिर कालोनी गली नंबर 3 स्थित दूध की डेयरी में छापा मारा। इस दौरान पुलिस को वहां कटान होता मिला। पुलिस को देखकर वहां कटान में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस को मौके से तीन कटी हुई भैंसों के अवशेष, कटान में प्रयुक्त होने वाले उपकरण मिले। हालांकि गोकशी के कोई सुबूत नहीं मिलने बताए गए। पुलिस के अनुसार मौके से बनी सराय निवासी हाजी नफीस व मुन्ना, जाकिर कालोनी निवासी सलमान, शाहरुख और फुरकान सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डेयरी संचालक मौके से हुआ फरार
पुलिस के अनुसार यह डेयरी पोदीवाड़ा निवासी गुलजार पुत्र यूसुफ की है। इसमें हाजी नफीस की पार्टनरशिप थी। पुलिस ने जब छापा मारा तो गुलजार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी धरपकड़ का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चला।
आधी रात को होता था पशु कटान
पुलिस ने बताया कि करीब एक साल से दूध की डेयरी की आड़ में यहां पशुओं का कटान किया जा रहा था। आधी रात को दो बजे से सुबह पांच बजे तक कटान का समय निर्धारित था, जिसमें यह बड़ी संख्या में पशु काटे जाते थे। लेकिन बृहस्पतिवार को मीट की यहां डिमांड ज्यादा होने के कारण देर तक पशु कटान चलता रहा। तभी पुलिस ने सभी को धर दबोचा।
शहर के होटलों में होती थी सप्लाई
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस मिनी कमेले से काफी बड़े स्तर पर मीट सप्लाई होता था। शहर की काफी दुकानें इससे जुड़ी थीं। पुलिस अब उन दुकानदारों की तलाश में जुटी है, जिनके यहां इस मिनी कमेले से मीट की सप्लाई की जाती थी। पुलिस अफसरों का मानना है कि कटान करने वालों के साथ-साथ यहां से मीट लेने वाले दुकानदार भी बराबर के दोषी हैं।
थाना पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
एसपी सिटी की विशेष टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई ने थाना लिसाड़ीगेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। पिछले एक साल से इतने बड़े स्तर पर अवैध पशु कटान यहां चल रहा था, लेकिन थाना पुलिस को कोई जानकारी नहीं थी। सूत्रों की मानें तो यहां अभी भी कई मिनी कमेले संचालित हो रहे हैं।
अभियान जारी रहेगा
गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। -दिनेश शुक्ला, सीओ कोतवाली