ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम में बृहस्पतिवार देररात कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते का दो बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से स्कार्पियो और वैगनआर कार बरामद की है। रात तक पुलिस पूछताछ करने में जुटी थी।
रात में इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह को सूचना मिली कि कुछ बदमाश चोरी की गाड़ी में वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। माधवपुरम में इंस्पेक्टर ने जैसे ही सामने से आ रही स्कार्पियो को रोकने का इशारा किया तो सवार ने गाड़ी दौड़ा दी। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस फोर्स ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी में दो बदमाश थे। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि यह गैंग मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में वाहन चालकों से लूट के अलावा लग्जरी गाड़ी चोरी करता था। सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी और एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वसीम निवासी ककरोली मुजफ्फरनगर और शान मोहम्मद निवासी अहमदनगर थाना लिसाड़ीगेट हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि पांच मई को बुलंदशहर के पहासू में गोली मारकर लूट की वारदात की थी। इसमें दोनों वांछित थे। दोनों की निशानदेही पर एक वैगनआर कार भी बरामद की गई। वैगनआर कार दिल्ली से चोरी की बताई है। जबकि स्कार्पियो के चेसिस और इंजन नंबर बदले हुए थे। पुलिस ने मौके से दो तमंचे भी बरामद किए। पुलिस को आशंका है कि स्कार्पियो भी लूटी हुई हो सकती है। इसकी जांच की जाएगी।