बागपत में अर्जुनपुरम कॉलोनी में बाघू गांव के पूर्व प्रधान के भतीजे पर दो कार सवार छह-सात युवकों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने उसकी कार भी पलट दी। तमंचों से कई राउंड फायर भी किए। आरोप है कि हमलावर 12 हजार रुपये भी लूटकर ले गए। वर्तमान प्रधान व पूर्व प्रधान पक्षों में एक सप्ताह पहले भी झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि हमला इसी के चलते हुआ है।
बाघू गांव निवासी धर्मवीर पुत्र देशपाल ने बताया कि वह पूर्व प्रधान तेजी सिंह का भतीजा है। दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार शाम साढ़े चार बजे वह अपनी ऑल्टो कार से दिल्ली जा रहा था। जब वह चमरावल रोड से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे की तरफ चला तो कुछ युवकों ने उसके सामने कार खड़ी कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अर्जुनपुरम कॉलोनी में कार लेकर घुस गया। गली बंद होने के कारण वह घिर गया। दो कार में सवार होकर आए छत-सात युवकों ने उसकी लाठी डंडों से पिटाई की और धारदार हथियार से प्रहार कर घायल कर दिया। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तमंचों से चार-पांच राउंड फायर किए। फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। आरोप है कि हमलावर उससे 12 हजार रुपये की नगदी भी लूटकर ले गए।
उसने बताया कि वर्तमान प्रधान सुमित कुमार व पूर्व प्रधान तेजी सिंह पक्ष में एक सप्ताह पूर्व ही खूनी संघर्ष हुआ था। जिसमें पुलिस ने उसके तेहरे भाई ओमपाल को जेल भेज दिया था। पुलिस एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है। प्रधान पक्ष से नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। उसने छह-सात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया।