इंचौली गांव में रविवार शाम शराब पीकर अभद्रता करने के बाद दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से मारपीट और पथराव हुआ। इस बीच कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। वहीं पथराव में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। एक समुदाय के लोगों ने धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा।
इंचौली गांव स्थित मोहल्ला समस्त पट्टी में रविवार शाम शराब के नशे में बाइक सवार दो युवकों ने धार्मिक स्थल जा रहे लोगों से अभद्रता कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों के अन्य साथियों ने धार्मिक स्थल पर पत्थर फेंक दिए। जिसकी जानकारी मिलते ही दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। लोगों ने घरों में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की।
वहीं दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव किया तो वहां भगदड़ मच गई। बताया गया है कि छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग भी र्गई। मारपीट में दोनों पक्षों से कविता, रजनी, ऋषिपाल, जायदा, जियाऊद्ीन, सीमा और एक अन्य महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने जानकारी ली। पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। बाद में पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
नहीं उठता इंस्पेक्टर का सीयूजी नंबर
लोगों का आरोप है कि इंचौली में थाना होने के बाद भी इंस्पेक्टर योगेंद्र मलिक का सीयूजी नंबर नहीं उठता। कई बार वह इसकी शिकायत कर चुके हैं। इस मामले में वह एसएसपी और डीआईजी से भी इंस्पेक्टर की शिकायत करेंगे।