गाड़ी में साइड मारने का विरोध करने पर कार सवार तीन लोगों ने मंगलवार को ड्राइवर तथा गाड़ी मालिक वृद्ध से मारपीट कर दी। इस पर शाहजहांपुर के सैकड़ों लोगों ने वहां पहुंचकर विरोध जताया। इसके बाद आरोपियों से गालीगलौज कर उनकी धुनाई करके पुलिस को सौंप दिया। वहीं, भीड़ ने शराब के ठेके में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसकी सूचना पाकर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बवाल और आगजनी की सूचना पर डीएम, एसएसपी समेत अन्य अधिकारी पुलिस और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को काबू किया।
किठौर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर निवासी अब्दुल मोहिद खां की गांव में ही एवरग्रीन नर्सरी है। उनके कुछ परिजन दिल्ली में रहते हैं। शाहजहांपुर में नर्सरी की देखरेख उनका बेटा नदीम अहमद करता है। अब्दुल मोहिद खां मंगलवार को दिल्ली जाने से पहले घर के लिए गांव के बस स्टैंड से सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान आल्टो सवार तीन लोग वहां पहुंचे और उनके कार चालक रमीज पुत्र तहसीन पर साइड मारने का आरोप लगाकर गालीगलौज करने लगे। अब्दुल मोहिद खां ने विरोध किया तो उन्होंने उनसे मारपीट कर दी।
इससे उनकी आंख के निकट चोट लगी। बताया कि अब्दुल मोहिद खां कैंसर पीड़ित हैं और उनकी हाल ही में सर्जरी हुई है। उनसे मारपीट की सूचना पर सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने हमलावरों का विरोध किया तो ग्रामीणों से भी गालीगलौज कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने तीनों हमलावरों की जमकर धुनाई की तथा पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार में सवार तीनों हमलावर नशे में धुत थे।
इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव स्थित शराब के ठेके में तोड़फोड़ करके आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों लोग ग्राम सादुल्लापुर के निवासी हैं। शाहजहांपुर में बवाल की सूचना पर जिले के कई थानों की पुलिस समेत डीएम पंकज यादव, एसएसपी डीसी दुबे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। देर शाम तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।