कंकरखेड़ा के जवाहर नगर में मंगलवार को टेंपो का किराया मांगने को लेकर हुए विवाद से सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने सिख समुदाय के टेपों चालक को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। छुरी से चेहरे पर हमला कर धार्मिक बेअदबी कर दी।
आसपास के लोग उसे बचाकर चौकी लेकर पहुंचे तो चौकी इंचार्ज ने मदद के बजाए धमकाकर भगा दिया। सिख समाज ने विरोध में थाना घेर लिया। भाजपा विधायक और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। मामला तूल पकड़ते देख पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गोलाबढ़, टीपी नगर सरदार जीवत सिंह (48) पुत्र गुरजीत सिंह टेंपो चलाता है। करीब 10 दिन पूर्व रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर निवासी शहजाद व उसके भाई फिरोज के परिवार को पांच सौ रुपये में टेंपो से लालकुर्ती लेकर गया था। दस दिन बीतने के बाद भी पैसे न मिलने पर जीवत सिंह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जवाहर नगर में शहजाद के घर पहुंचा था।
शहजाद व उसके परिजनों ने पैसे देने के बजाए उस पर हमला बोल दिया। जीवत ने भागने की कोशिश की तो छुरी से उसके चेहरे पर हमला कर उसकी धार्मिक भावनाएं आहत कर दीं। इस बीच शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और उसे बचाते हुए शोभापुर पुलिस चौकी पर ले गए।
जहां पर चौकी इंचार्ज देवेंद्र पाल ने उल्टा घायल के साथ ही अभद्र व्यवहार कर चौकी से भगा दिया। सूचना पर पहुंचे सिक्ख समाज के लोगों ने घायल को शोभापुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, व्यापारी नेता सरदार दलजीत सिंह ने एसएसपी को फोन कर मामले से अवगत कराया।
एसएसपी के हड़काने पर थाना पुलिस हरकत में आई। सीओ दौराला डॉ. अरविंद कुमार व इंस्पेक्टर एसके राणा हॉस्पिटल पहुंचे और घायल को वहां से जिला अस्पताल पहुंचाया। सीओ दौराला का कहना है कि केस दर्ज करते हुए शहजाद व फिरोज को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाजपाइयों ने इंस्पेक्टर को घेरा
कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, सरदार दलजीत सिंह, विवेक वाजपेयी, पियूष तायल, वीनस शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय, विजय आनंद समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा को घेर लिया। भाजपाइयों ने कहा कि करीब एक घंटे तक घायल इलाज के लिए तड़पता रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। भाजपाइयों ने चेतावनी दी कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
सरकार हमारी है, तू हमारा क्या बिगाड़ेगा
जीवत सिंह ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने धमकी दी कि सरकार हमारी है, तू हमारा क्या बिगाड़ेगा। आरोपियों ने एक सपा नेता का हवाला देकर पुलिस पर दबाव भी बनाया। भाजपाइयों और सिख समाज के लोगों ने सपा नेता पर भी कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ और इंस्पेक्टर बौखलाए
निजी अस्पताल में कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों को देखकर सीओ दौराला और इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बौखला गए। दोनों ने मीडियाकर्मियों पर भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सीओ ने धमकी दी अगर इस मामले की कवरेज की तो उनके खिलाफ भी केस दर्ज कर दूंगा। वहीं, पीड़ित से तहरीर लिखवाने में भी खेल कर दिया।
मामला संगीन है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस पर किसी का कोई दबाव नहीं है।
-कैप्टन एमएम बेग, प्रभारी एसएसपी