यूपी 100 गाड़ी पर तैनात दो सिपाहियों को एसएसपी ने शुक्रवार को सस्पेंड करते हुए जांच बैठा दी है। दोनों सिपाहियों पर शराब पीकर ड्यूटी करने और महिलाओं से छेड़छाड़ करने के आरोप लगे थे।
एसएसपी जे. रविंदर गौड़ के मुताबिक यूपी 100 गाड़ी पर तैनात सिपाही जगवीर सिंह और रविंद्र कपातिया विगत 22 दिसंबर को शराब के नशे में ब्रह्मपुरी इलाके में ड्यूटी पर पहुंचे थे। एक शिकायत पर दोनों सिपाही पहुंचे और वहां महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्रता की थी। इसकी शिकायत महिलाओं ने लखनऊ कंट्रोल रूम में की थी। 25 दिसंबर से दोनों सिपाही गैर हाजिर चल रहे थे। लखनऊ कंट्रोल रूम की सूचना पर दोनों सिपाहियों का रिकॉर्ड मांगा गया था। जांच के बाद इन्हें विभागीय दंड दिया जाएगा।
पहली बड़ी कार्रवाई
यूपी 100 पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों पर व्यापारियों और वाहन चालकों से अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में दो सिपाहियों पर महिलाओं से छेड़छाड़ के संगीन आरोप लगे हैं। एसएसपी ने यह पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए कहा कि जनता कर विश्वास जीतने के लिए ही यूपी 100 की शुरूआत की गई है। अगर किसी भी पुलिसकर्मी की शिकायत मिलेगी तो तुरंत सख्त कार्रवाई होगी।