मेरठ। बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। रविवार को शहर में ताबड़तोड़ लूटपाट होने के बावजूद भी पुलिस गंभीर नहीं हुई। नतीजा बेखौफ बदमाशों ने सोमवार देर रात तेजगढ़ी चौराहा स्थित पुलिस चौकी के पास शिक्षक को बंधक बनाकर आई-10 कार लूट ली। बदमाश शिक्षक को गंगानगर पुलिस चौकी के पास फेंककर फरार हो गए। एसपी सिटी ने फोर्स को दौड़ाया। फलावदा के जंगल में बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए।
जागृति विहार 23/3 निवासी नितिन कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार रात में गंगानगर में ट्यूशन पढ़ाकर आई-10 कार से लौट रहे थे। तेजगढ़ी पुलिस चौकी के पास दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने कार ओवरटेक कर रुकवा ली। शिक्षक की कनपटी पर पिस्टल तान दी। कार में चार बदमाश सवार हो गए और शिक्षक को मवाना की तरफ ले गए। गंगानगर में शिक्षक को फेंककर कार लेकर फरार हो गए। चौकी के पास लूट की सूचना फ्लैश होने पर खलबली मच गई। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के निर्देश पर इंचौली पुलिस एक्टिव होती, तब तक बदमाश छोटा मवाना पहुंच गए। कार की लोकेशन फलावदा की तरफ मिली तो फलावदा एसओ करतार सिंह और यूपी 100 पुलिस भी एक्टिव हो गई। घेराबंदी पर बदमाश आई-10 कार छोड़कर भाग गए। एसपी सिटी भी पीछा करते मौके पर पहुंच गए। देर रात मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज हुआ।