मुरादनगर में भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया के काफिले पर हुए हमले के तार मेरठ से जुड़ने लगे हैं। एसटीएफ और गाजियाबाद पुलिस ने दौराला के अख्तारपुर गांव में दबिश देते हुए आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, सरधना के छुर गांव में भी कई स्थानों पर दबिश दी गई है।
एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत चौधरी ने इस मामले में एसटीएफ समेत दस टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया है। पुलिस के अनुसार इस हमले में अख्तारपुर गांव के युवकों के शामिल होने की सूचना गाजियाबाद पुलिस को मिली। जिसके बाद एसपी देहात गाजियाबाद राकेश पांडेय के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच एवं एसटीएफ ने गांव में कई मकानों में दबिश दीं।
इस दौरान गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पहले गांव के आठ युवकों से पूछताछ की। जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस गाजियाबाद रवाना हो गई। इस मामले में कई राजनैतिक लोगों के हाथ भी सामने आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक अख्तारपुर गांव से उठाए गए युवकों का एक रिश्तेदार घटना में शामिल हो सकता है। यह भी माना जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी यहां पर भी आए थे।
मनोज है प्राइम सस्पेक्ट
इस हमले में छुर निवासी संसार सिंह उर्फ संसारे का रिश्तेदार महरौली निवासी मनोज प्राइम सस्पेक्ट है। इस मामले में शनिवार रात गाजियाबाद पुलिस ने छुर गांव में दबिश दी। बताया गया है कि संसारे को गाजियाबाद पुलिस द्वारा गाजियाबाद से ही अरेस्ट कर लिया गया है। लेकिन सरधना पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। वहीं, सीओ सरधना ब्रिजेश कुमार ने इतना जरूर बताया कि संसारे का रिश्तेदार मनोज सस्पेक्ट है। जिसकी तलाश कराई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने भी दबिश दी। मेघराज सिंह चौकी प्रभारी मुल्हैडा ने भी गाजियाबाद पुलिस द्वारा छुर में दबिश देने की पुष्टि की है।
कोट
गाजियाबाद एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने छापा मारा। घटना में शामिल बदमाश के रिश्तेदार गांव में है, उन्हीं सदस्यों को उठाया गया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।- डॉ. अरविंद कुमार सीओ दौराला