मुजफ्फरनगर निवासी ट्रक चालक की शनिवार रात अपहरण के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार को करनाल हाईवे पर गोटका गांव के पास ट्रक में मिला। परिजनों ने ट्रक लूटने के उद्देश्य से चालक की हत्या होने का आरोप लगाया है। वहीं, चालक का शव अर्धनग्न हालत में मिलने पर पुलिस दूसरे कारणों को तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार कस्बा चरथावल, मुजफ्फरनगर निवासी शौकीन (27) पुत्र शहीद खां ट्रक चालक था। शनिवार को वह हरिद्वार से बालू रेत भरकर दिल्ली के लिए चला था। बुढ़ाना से तीन किमी दूरी पर विज्ञाना गांव के निकट एक होटल पर खाना खाने के बाद वह ट्रक में ही सो गया था। देर रात बदमाशों ने उसका ट्रक समेत अपहरण कर लिया था। विरोध करने पर शौकीन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
रविवार सुबह ट्रक गोटका गांव के सामने सड़क किनारे मिट्टी में फंस मिला। बदमाश उसके शव को ट्रक के केबिन में छोड़कर फरार हो गए। इस बीच ट्रक के दिल्ली न पहुंचने पर ट्रक मालिक उसकी तलाश करते गोटका पहुंचे। तो हत्या का पता चला। सूचना पर सीओ सरधना ब्रजेश कुमार, एसओ सरूरपुर विनोद कुमार पहुंचे।
15 से ज्यादा वार
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने बदमाशों ने शौकीन के शरीर को चाकुओं से गोद रखा था। उसके शरीर पर धारदार हथियार के हमले के 15 से ज्यादा निशान पाए गए। पुलिस का कहना है कि शौकीन के शरीर के ऊपरी भाग पर कपड़े नहीं थे। जिससे पुलिस हत्या के दूसरे कारण होना भी मान रही है।
कोट
ट्रक चालक की हत्या में लूट का मामला नहीं है। जांच में सामने आया है कि एक युवती से उसकी नजदीकी चल रही थी। हत्या भी दूसरे गांव में करके शव ट्रक के केबिन में बंद किया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।- ब्रजेश कुमार, सीओ सरधना