मौके पर जांच करती पुलिस और नीचे मृतक का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में शनिवार को एक बड़ी वारदात हुई। यहां एक महिला ने अपने दो भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए अपने तहेरे भाई को मौत के घाट उतार दिया। महिला के साथ दो अन्य युवक भी वारदात को अंजाम देने में साथ थे। उधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
ये है पूरा मामला
बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वरनगर में किसान नीटू उर्फ सत्यपाल (40 वर्ष) की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि परिवार में पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दो साल पहले नीटू के परिवार के दो सगे भाई अंकित और गौरव की हत्या कर दी गई थी। अंकित का शव पेड़ पर लटका मिला था, जिसमें रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। जबकि गौरव की गला रेतकर हत्या की गई थी, इस हत्या में नीटू को नामजद किया गया था। रंजिश के चलते इन दिनों नीटू अपनी बहन के घर बड़ौत में रह रहा था। शनिवार को वह गांव में अपने घर पर मुख्य गेट को लगवाने के लिए आया था, इस बीच उसकी चार गोली मारकर हत्या कर दी गई। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बता दें कि वारदात को अंजाम देने में महिला के साथ दो अन्य युवक भी शामिल थे। पुलिस को सूचना मिली है कि दोनों भाइयों का बदला लेने के लिए ही उनकी बहन ने नीटू को सबसे पहले गोली मारी।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस छानबीन कर रही है। घटना की जानकारी लगने पर एएसपी रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/