बागपत में बालैनी थाना क्षेत्र के पिलाना-दत्तनगर मार्ग पर पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर गुड़ व्यापारी से सवा लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। व्यापारी की बाइक का लॉक लगाकर बदमाश भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ बागपत दिलीप सिंह, सिंघावली अहीर व बालैनी थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस बदमाशों को तलाशने की बजाय तीन घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में घटना स्थल बालैनी थाने का मिला। पीड़ित ने बालैनी थाने में तहरीर दी। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
ढिकौली गांव निवासी दिलशाद पुत्र यामीन ने सिंघावली अहीर थाने क्षेत्र में सराय मोड़ पर दो कोल्हू पर लगा रखे हैं। यहीं पर ही मकान बनाकर रहता है। दूसरे कोल्हू से गुड़ खरीदकर बेचता है। दिलशाद ने बताया कि सोमवार की सुबह वह घर से दो लाख रुपये लेकर कोल्हू में गुड़ का भुगतान करने के लिए गया। दौलतपुर में सलीम के कोल्हू पर 75 हजार रुपये का भुगतान करने के बाद वह सराय मोड़ के लिए चला। पिलाना-दत्तनगर मार्ग पर बालैनी थाना क्षेत्र में संस्कार एकेडमी के पास काली पल्सर बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए और तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। बदमाशों ने उससे सवा लाख रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर लिया। बदमाश व्यापारी की बाइक का लॉक लगाकर भाग निकले। पीड़ित ने 100 नंबर पुलिस को सूचना दी। दिन दहाड़े हुई लूट से पुलिस में हड़कंप मच गया।