कालंद में पीडब्लूडी टीम पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
कालंद गांव में सड़क पर बने सेप्टिक टैंक को तोड़ने को लेकर जमकर बवाल हुआ। अतिक्रमण करने वाले दबंगों ने पीडब्लूडी की टीम पर पथराव कर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। टीम में शामिल महिला जेई को कार से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में एई देवपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कालंद-कालंदी मार्ग पर पीडब्लूडी विभाग सड़क का निर्माण करा रहा है। ग्राम प्रधान कुलदीप त्यागी का कहना है कि मस्जिद चौराहे के पास गांव के ही सुरेश व बालिस्टर पुत्रगण विजयपाल के शौचालय का टैंक बीच सड़क में बना हुआ है।
जिससे सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। कई बार कहने के बावजूद इन लोगों ने टैंक नहीं हटाया। इसकी शिकायत ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ बीते तहसील दिवस में डीएम पंकज यादव और एसएसपी से की थी। डीएम ने अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किये थे।
शुक्रवार दोपहर पीडब्लूडी की टीम पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंची और अवैध अतिक्रमण को हटवा दिया। पुलिस फोर्स तो लौट गई, लेकिन पीडब्लूडी के अभियंता और कर्मचारी गांव में ही सड़क निर्माण का निरीक्षण करने लगे।
इसी बीच दबंगों ने टीम में शामिल जेई तेजपाल, महिला जेई सोनिया और एई देवपाल सिंह पर पथराव करते हुए हमला बोल दिया। एक युवक ने सोनिया को कार से कुचलने का प्रयास किया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण टीम को बचाने के लिए दौडे़ तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गये।
सूचना पर पुलिस फोर्स दोबारा गांव पहुंची और चार लोगों को हिरासत में लेेकर थाने ले गई। पीडब्लूडी विभाग के एई देवपाल सिंह तहरीर पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए मोहित पुत्र सुरेश, अरनव पुत्र मुकेश, विक्रांत पुत्र उमेश, मयंक पुत्र विनोद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बाद में चारों की गिरफ्तार दिखा दी गई।