कुख्यातों द्वारा रंगदारी मांगने के चलते पीड़ित व्यापारियों का परिवार सहमा हुआ है। भाजपा नेता ने पीड़ितों के घर पर जाकर मामले की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। पुलिस ने पीड़ित व्यापारियों के परिवार को सुरक्षा मुहैया भी करा दी है।
जेल में बंद कुख्यात कपिल, मोनू जाट और बाहर से कुख्यात प्रवीण शर्मा, सतीश गिरी ने शहर के व्यापारियों से रंगदारी मांगी है। चार व्यापारियों ने मंगलवार को एसएसपी से शिकायत भी की है। बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगने से पीड़ित व्यापारियों में दहशत का माहौल है। बुधवार को भाजपा नेता विनीत शारदा गंगानगर स्थित सेनेट्री व्यापारी के पास पहुंचे। भाजपा नेता ने मामले की जानकारी ली और फिर पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर व्यापारी को सुरक्षा दिलवा दी। भाजपा नेता ब्रह्मपुरी पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों के परिवार को भरोसा दिया कि उनके साथ भाजपा और व्यापारी नेता है।
दुकानदार को लिस्ट दे गया कुख्यात का पिता
पुलिस के मुताबिक कुख्यात कपिल का पिता सूरजमल गंगानगर स्थित एक दुकानदार को सामान की लिस्ट दे गया। उसमें लिखा था कि घर का सामान खत्म हो गया, जान प्यारी हो तो सारा सामान भिजवा देना। दुकानदार ने इसकी शिकायत गंगानगर पुलिस से की। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस का दावा है कि दुकानदार ने लिखित में शिकायत नहीं की।
राजू के परिवार को भी मिली सुरक्षा
ब्रह्मपुरी में सरेआम बदमाशों ने व्यापारी विशाल उर्फ राजू की चार दिन पहले हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि राजू की हत्या कुख्यात बब्बू और उसके पांच साथियों ने की है। बब्बू की गिरफ्तारी होनी बाकी है। राजू का परिवार दहशत में है। बुधवार को व्यापारी के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई। पुलिस ने बताया कि एक पुलिसकर्मी घर पर और दूसरा राजू के भाई बोबी के साथ लगाया गया है।