ईद और कांवड़ यात्रा पर कड़े सुरक्षा इंतजाम बरतने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत चौधरी इस संबंध में आगामी बुधवार को मेरठ में होंगे। वे मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद रेंज के पुलिस अफसरों के साथ मीटिंग करेंगे। जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अतिसंवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की व्यूह रचना बनेगी।
मेरठ जोन में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इससे पहले रमजान माह खत्म होते ही जुलाई के प्रथम सप्ताह में ईद का त्योहार है। जिसे सकुशल संपन्न कराने के लिए वेस्ट यूपी में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए जाएंगे। धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस का पहरा रहेगा।
इसके बाद पुलिस कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुट जाएगी। जिसे देखते हुए एडीजी (कानून व्यवस्था) का बुधवार को मेरठ में आने का कार्यक्रम तय हुआ है। इस दौरान वे पुलिस लाइन में मेरठ जोन, मुरादाबाद रेंज के जिलों के एसएसपी और उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। जिसमें कांवड़ यात्रा की सुरक्षा का प्लान बनाया जाएगा।
पुलिस अफसरों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खास सतर्कता बरती जाएगी। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और शामली में हाई अलर्ट रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्व में लगाए गए प्रतिबंधों पर भी चर्चा होगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। शांति समिति की बैठकों के माध्यम से दोनों समुदाय के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की जाएगी।