थापरनगर में शनिवार शाम तेज रफ्तार कार एक दुकान में जा घुसी। इसमें एक व्यापारी और बच्ची घायल हो गये। गुस्साए व्यापारियों ने आरोपी चालक की पिटाई करते हुए हंगामा कर दिया। वहीं दो समुदाय के लोगों के बीच तनाव की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को थाने भेज दिया।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के थापरनगर में एक व्यक्ति की कबाब कॉर्नर के नाम से दुकान है। शनिवार शाम को सोतीगंज निवासी आस मोहम्मद पुत्र अयूब सेंट्रो कार से बच्चों को छोड़कर थापरनगर की तरफ जा रहा था। इस बीच उसकी कबाब कार्नर में घुस गई। जिसकी चपेट में आने से व्यापारी और एक बच्ची घायल हो गई। जबकि दो बाइक क्षतिग्रस्त होकर कार में फंस गई। इस बीच कार में सवार एक युवक मौके से भाग निकला।
जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने आस मोहम्मद की पिटाई कर दी। दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट की सूचना पर सोतीगंज चौराहे पर भी कुछ लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर सदर बाजार गजेंद्रपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने किसी तरह कार चालक को आरोपियों से छुड़ाकर सदर थाने भेज दिया। वहीं कार को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर सदर ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दोनों समुदाय के लोगों की भीड़
सोतीगंज के युवक की पिटाई की जानकारी पर दिल्ली रोड पर भी दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। पीड़ित लोग आरोपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं आरोपी युवक का कहना है कि उसे बेरहमी से पीटा गया है। एक बच्ची को बचाने में कार अनियंत्रित हो गई।