यूपी के सहारनपुर जनपद में एक महिला ने अपने पति पर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने, धमकी दिए जाने और ससुराल के अन्य लोगों पर उत्पीड़न कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। मंडी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र की महिला का कहना है कि 15 वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था। उसके चार लड़कियां एवं एक लड़का है। उसकी बड़ी बेटी 14 वर्ष की है। आरोप है कि उसका पति, जेठ, जेठानी एवं देवर शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट करते थे। वह अब तक अपना उत्पीड़न सहती रही। लगभग 15 दिन पूर्व उसे खाने में नशीली दवा खिलाकर बेसुध कर दिया गया। उसके बाद उसके पति ने उसकी बड़ी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसके पति ने बेटी को धमकी देकर चुप करा दिया। जिसके बाद उसकी बेटी परेशान रहने लगी। जब उसने अपनी बेटी को डॉक्टर को दिखाया तो उसके साथ दुष्कर्म होने का पता चला।
इसके बाद उसकी बेटी ने अपने पिता की करतूत बताई। जब उसने पति से इसका विरोध किया तो उसने कहा कि नशे में गलती हो गई, जबकि उसके जेठ, जेठानी एवं देवर ने उससे इस मामले में चुप रहने के लिए कहा। जब उसने चुप रहने से इंकार कर दिया तो उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया। इस मामले में महिला ने अपने पति पर दुष्कर्म, धमकी देने के अलावा जेठ, जेठानी एवं देवर पर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/