मौके पर जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर जनपद के गांव करवाड़ा में शुक्रवार शाम से लापता बीए प्रथम वर्ष के छात्र पंकज की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और शव एक कुएं में फेंक दिया गया। शनिवार सुबह खेत में पड़ी खून की बूंदों का पीछा कर पुलिस कुएं तक पहुंची तो घटना का पता चला। प्रेम-प्रसंग के चलते ही उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पंकज तितावी थाना क्षेत्र के गांव करवाड़ा निवासी रामकुमार का पुत्र और बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़ा हुआ था। शुक्रवार शाम पंकज बघरा जाने की बात कहकर घर से निकला था। गांव के बाहर उसने करवाड़ा के ही सोनू से बाइक पर लिफ्ट ली। इस बीच रास्ते में ही उसके मोबाइल पर एक कॉल आई और वह बाइक से उतर गया। इसके बाद वह न तो बघरा पहुंचा और न ही घर लौटा। रात में ही परिजनों ने तितावी थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: मेरठ: सुभारती विवि के अधीक्षक की बीच सड़क पर पीट-पीटकर हत्या, तमाशबीन बनी रही भीड़
वहीं शनिवार सुबह पुलिस, परिजन और ग्रामीण उस जगह पहुंचे, जहां पंकज सोनू की बाइक से उतरा था। वहां एक फटा हुआ प्रेम पत्र मिला, जिसकी राइटिंग पंकज के भाई अमित ने पहचान ली। वहीं पर काफी खून पड़ा मिला, जिसके बाद जंगल में कांबिंग शुरू कर दी गई। तलाशने पर वहां से करीब आधा किलोमीटर दूर गांव हरसौली के जंगल में स्थित भुआपुर के कुएं में पंकज की लहूलुहान लाश पड़ी मिली।
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि छात्र की पीट-पीटकर हत्या की गई है। कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है, जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/