मेरठ। दिल्ली से नौ साल के एक बच्चे का अपहरण होना बताया गया। एक युवक ने एसएसपी को रविवार दिन में जानकारी दी कि बच्चे को लिसाड़ी गेट क्षेत्र के एक मकान में बंधक बना रखा गया है। सीओ कोतवाली और पुलिस ने कई मकानों को तलाशते हुए देर रात तीन लोगों को हथियारों के साथ पकड़ लिया। हालांकि पुलिस अफसरों ने अभी तक बच्चे के अपहरण की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार रविवार दिन में एक युवक ने भाजपा के एक विधायक से संपर्क करते हुए कहा कि एक बच्चे का दिल्ली से अपहरण हो गया है और आरोपियों ने उसे मेरठ में बंधक बना रखा है। विधायक ने युवक को एसएसपी से मिलने की बात कहकर भेज दिया। जिसके बाद निखिल चपराणा पुत्र आदित्य चपराणा निवासी मेरठ शहर के नाम से एसएसपी को शिकायती पत्र दिया गया, जिसमें बताया कि एक बच्चा जिसकी उम्र नौ साल है। उसे गुड्डू निवासी लिसाड़ीगेट अपने साथियों के साथ दिल्ली से किडनैप करके लाया है। बच्चे का नाम शुभम बताया गया। एसएसपी से मांग की गई कि इस गैंग पर कार्रवाई करें। इसमें असलम और गुड्डू के दो भाई भी शामिल हैं। बच्चे को श्यामनगर में रखा हुआ है। गुड्डू पहले भी पुलिस मुठभेड़ में फरार चल रहा है।
गफलत में पड़ी पुलिस
पुलिस ने उस समय शिकायती पत्र पर ध्यान नहीं दिया। जिसके बाद न तो शिकायत करने वाले युवक का पता मिला और मोबाइल नंबर नौ अंकों में लिखा होने पर मिला नहीं। ऐसे में पुलिस बच्चे की तलाश में अंधेरे में तीर चलाती रही।
गुड्डू समेत तीन आरोपी पकड़े, बखेड़ा
देर रात पुलिस फोर्स ने लिसाड़ीगेट के हुमायूं नगर से गुड्डू पुत्र वारिस निवासी ढिकौली, बुलंदशहर हाल पता हुमायूं नगर, आकिल निवासी बड्ढा और असलम निवासी जारचा, गौतमबुद्घनगर को गुड्डू के मकान से पकड़ लिया। इस बीच भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और हाथापाई कर आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की। बाद में कई थानों की पुलिस पहुंची और तीनों को लिसाड़ीगेट थाने भेज दिया। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने आरोपियों से पूछताछ के बाद बताया कि इनसे एक अवैध पिस्टल और तमंचा बरामद किया गया है। गुड्डू ने दो साल पहले लिसाड़ीगेट में हिस्ट्रीशीटर उम्मेद की हत्या कर दी थी। आरोपी गुड्डू ने पुलिस से कहा कि उसे रंजिश में फंसाया गया है। उसने कोई अपहरण नहीं किया।
मुझसे कोई नहीं मिला
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि न तो उन्हें किसी विधायक ने फोन किया और न ही कोई युवक उनसे इस मामले में मिला। पुलिस को जो सूचना मिली थी उसके आधार पर तीन युवकों को पकड़ा है। दिल्ली से किसी भी बच्चे के अपहरण की जानकारी नहीं मिली है। यह मामला रंजिशन लग रहा है। गिरफ्तार आरोपियों पर अवैध असलहा के मामले में कार्रवाई की जा रही है।
खास बातें
एक व्यक्ति ने भाजपा विधायक के माध्यम से एसएसपी से मिलकर की थी शिकायत
हुमायूं नगर में भीड़ ने पुलिस से हाथापाई कर आरोपियों को की छुड़ाने की कोशिश