दो भाइयों ने की थी कैब चालक की हत्या
मेरठ। रोहटा क्षेत्र में 12 जून को हुई कैब चालक संदीप की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। संदीप के गांव के दो सगे भाइयों ने उसे गोली मारी थी। पुलिस ने एक आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई राहुल फरार है।
पुलिस लाइन में एसएसपी राजेश कुमार पांडेय और एसपी देहात राजेश कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान घटना का खुलासा करते हुए बताया कि रोहटा क्षेत्र में मल्लापुर स्थित ईंट भट्ठे पर गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई थी। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी पर भेज दिया था। 28 जून क ो लोनी बॉर्डर थाने से एक युवक की गुमशुदगी की सूचना परिजनों ने दी। जिसके बाद युवक की पत्नी रेनू ने शव की शिनाख्त संदीप पुत्र महीपाल निवासी टिटौडा थाना खतौली, हाल पता लक्ष्मी गार्डन लोनी थाना लोनी बार्डर, गाजियाबाद के रूप में हुई। मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात अंकित पुत्र भागमल उर्फ साधु निवासी टिटौडा थाना खतौली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भी लोनी के नाईपुरा मोहल्ले में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और कुछ कागजात बरामद किए हैं। एसएसपी ने रोहटा इंस्पेक्टर सुभाष अत्री समेत पूरी टीम को घटना दस हजार के पुरस्कार की घोषणा की है।
इसलिए की हत्या
हत्यारोपी अंकित ने बताया कि उसके भाई राहुल ने गांव के गुड्डू को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी थी। जिसमें राहुल दो साल तक जेल में रहा था। 14 मई को ही राहुल जेल से बाहर आया था। उनकी गुड्डू से दुश्मनी चल रही थी। इसी कारण वह गांव छोड़कर लोनी में रह रहे थे। अंकित ने बताया कि कैब चालक संदीप उसके भाई राहुल का दोस्त था। जब उसका भाई राहुल जेल गया था तो संदीप ने उसकी बहन से नजदीकी बढ़ा ली। संदीप गुड्डू से पांच लाख रुपये लेकर राहुल की हत्या करना चाहता था। एक दिन वे कार में जा रहे थे तो अचानक संदीप कार से उतरकर चला गया। उसके पास गुड्डू का फोन आया कि पांच लाख का इंतजाम हो गया है संदीप को मार दो। कार में रखे मोबाइल की रिकार्डिंग राहुल ने सुन ली थी। अंकित ने बताया कि उसके बाद उसके भाई राहुल ने कहा कि यदि संदीप को नहीं मारा तो वह हमें भी मार देगा। उसने हमारी बहन का अपहरण भी किया था, जिसका भी बदला लेना है।
नहर में फेंकने की थी प्लानिंग
अंकित ने बताया कि वह राहुल के साथ मिलकर संदीप को बाइक से ले गए थे। संदीप से कहा था कि किसी की हत्या करनी है, जिसके एक लाख रुपये मिलेंगे। इस दौरान रोहटा से अमानुल्लापुर के रास्ते में बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास राहुल ने संदीप के सिर में गोली मार दी और शव भट्ठे में फेंक दिया। उसके पैसे और कागजात निकाल लिए, जिससे पहचान न हो। आरोपी ने यह भी बताया कि पहले उन्होंने रोहटा नहर में फेंकने की प्लानिंग बनाई थी। लेकिन पहले ही हत्या कर दी। हत्या के बाद राहुल पंजाब चला गया और अंकित कैब चालक के घर आता जा रहा, जिससे परिजनों को शक न हो।