नई दिल्ली/मेरठ। पूर्वी दिल्ली में बुधवार दोपहर मेरठ और दिल्ली रेंज के पुलिस अफसरों की इंटर स्टेट समन्वय बैठक हुई। बैठक में मेरठ रेंज व दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने व अपराधियों से जुड़ी जानकारियां साझा करने पर बातचीत की। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की बैठक से दिल्ली-एनसीआर में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
बैठक में मेरठ रेंज के आईजी रामकुमार, दिल्ली पुलिस ईस्टर्न रेंज के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव, एसएसपी गौतमबुद्ध नगर लव कुमार, एसएसपी गाजियाबाद एचएन सिंह व दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। ईस्टर्न रेंज दिल्ली के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि बैठक में बॉर्डर इलाके में दिल्ली व यूपी पुलिस की एक साथ पिकेट लगाने, बदमाशों के इंटर स्टेट गैंगों की जानकारियां साझा करने, जेल से जमानत या किसी भी तरह छूटने वाले अपराधियों पर नजर रखने, अवैध हथियार व नशे के सौदागरों पर नजर रखने, लावारिस वाहनों व चोरी हुए वाहनों की सूचना साझा करने, शव, खोया-पाया व अन्य सूचनाएं जिपनेट पर अपलोड करने आदि को लेकर चर्चा हुई।
- पूर्वी दिल्ली में रेंज पुलिस की इंटरस्टेट समन्वय बैठक आयोजित