-आरोपी गौरव उर्फ गोल्डी ने पूछताछ में खोले कई राज
मेरठ।
एसएसपी के मुताबिक आरोपी गौरव उर्फ गोल्डी ने पूछताछ में बताया कि छात्रा से छेड़खानी और वीडियो बनाने वाले वहशी युवकों को वह नहीं जानता। दो मार्च को छात्रा का बोर्ड परीक्षा का अंतिम पेपर था। वह उससे मिलने आई थी। तभी चार अन्य युवक वहां पहुंचे और छात्रा से जबरदस्ती करने लगे। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि वहशी युवकों के इरादे छात्रा के प्रति बेहद खतरनाक थे।
किठौर कस्बे में दस साल से बंद पड़े डीएस पब्लिक स्कूल परिसर में यह घिनौनी वारदात होना बताया गया है। आरोपी गोल्डी ने कहा कि छात्रा से उसकी दोस्ती है। वह दोनों बात करने के लिए स्कूल प्रांगण में आए थे। इस दौरान दूसरे समुदाय के चार युवक वहां पर पहुंच गए। उन्होंने उनको पकड़ लिया। मैंने छात्रा को वहां से निकालने का प्रयास किया था। इसके बाद उक्त चारों युवकों ने मेरी पिटाई की। वीडियो बनाकर छात्रा को दोबारा बुलाकर लाने का दबाव बनाया। इसको लेकर मुझे दो बार पीटा।
हंसता दिखाई दे रहा है आरोपी
वायरल हुई वीडियो में आरोपी गोल्डी हंसता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे प्रतीत होता है कि सभी आरोपी एक दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे। वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया है। आरोपी द्वारा बताई गई कहानी भी गलत प्रतीत हो रही है।
बड़ी वारदात होने से बची
एसएसपी भी मानते हैं कि आरोपियों के इरादे खतरनाक थे। छात्रा आरोपियों के चुंगल से नहीं निकलती तो बड़ी वारदात हो सकती थी। उनके इरादे ठीक नहीं थे। वह उसको बंधक बनाकर कोई भी घिनौनी हरकत कर सकते थे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।