मेरठ। ब्रह्मपुरी थाने के सामने खुले शराब के ठेके के विरोध में धरने पर बैठी महिलाओं ने बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी की गाड़ी घेर ली। आरोप लगाया कि बुधवार रात कार सवार युवकों ने मोहल्ले के एक युवक को बेरहमी से पीटा। उन्हें डरा धमकाकर धरना खत्म कराने और ठेका खोलने की कोशिश हो रही है। साफ कह दिया कि वे किसी हाल में यहां ठेका नहीं खुलने देंगी।
बृहस्पतिवार को भी दर्जनों महिलाएं ठेेके के सामने आकर बैठ गई। वहां पर टेंट भी लगवा दिया गया था। शाम तक यहां भजन कीर्तन चलता रहा। शाम करीब सात बजे इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय, एसएसआई विनय कुमार सरकारी गाड़ी से जैसे ही धरना स्थल के सामने से गुजरे तो महिलाओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। इंस्पेक्टर और एसएसआई को नीचे उतारकर उन पर आरोपों की झड़ी लगा दी।
बताया कि बुधवार रात एक कार से युवकों ने उनके मोहल्ले के एक युवक पर हमला किया। उसे लाठी डंडे और सरियों से बुरी तरह पीटा और धमकी देकर चले गए । महिलाओं ने अंदेशा जताया कि इस हमले के पीछे उन्हें डराने धमकाने की साजिश है ताकि वह डरकर धरना खत्म दें और फिर से ठेका चालू कर लिया जाए। महिलाओं ने आरोपी हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। इंस्पेक्टर ने उन्हें जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
जवाब देना हमें भी आता है साहब
गुस्साई महिलाओं ने इंस्पेक्टर से कहा कि उनके मोहल्ले के युवक पर हमला करने वालों को जल्द गिरफ्तार करो। हम इस गुंडागर्दी से डरने वाले नहीं हैं। हम ऐसे नहीं कि कोई हमारे लड़के को पीटेगा और हम चुप बैठे रहेंगे। जवाब देना हम भी जानते हैं। इंस्पेक्टर ने नाराज महिलाओं को काफी समझाया। कहा कि कल (बुधवार) को प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारी वार्ता को आए थे। लेकिन आज वार्ता करने थाने नहीं आई। महिलाओं से कुछ नहीं सुनी वे आरोपी हमलावरों की गिरफ्तारी पर अड़ी रही। बाद में इंस्पेक्टर और एसएसआई किसी तरह यहां से निकले।
खूब की नारेबाजी
महिलाओं ने धरना स्थल पर बैनर भी लगा लिया है। जिसमें इंस्पेक्टर और पुलिस पर कई आरोप लगाए गए हैं। तेज गर्मी में भी महिलाएं यहां बैठी हुई हाथ से पंखा करती रहीं। लेकिन धरना स्थल से नहीं उठी। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की।
मसला आबकारी विभाग का
ये मसला आबकारी विभाग का है। थाना पुलिस केवल कानून व्यवस्था का पालन करा सकती है। सरकारी ठेका है। आबकारी विभाग के स्तर से ही कोई कार्रवाई संभव है। युवक से मारपीट के मामले में तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी। -सतीश राय, इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी
खास बातें:
ब्रह्मपुरी थाने के सामने शराब के ठेके के विरोध में बैठी हैं महिलाएं
कहा कि उन्हें धरना खत्म करने के लिए डराया धमकाया जा रहा
इंस्पेक्टर से उलझीं, धरना खत्म न करने का किया एलान