एसएसपी ने देर रात की शहर में चेकिंग, दो सिपाही सस्पेंड
मेरठ। एसएसपी मंजिल सैनी दहल रविवार देर रात अचानक शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकलीं। मंडलायुक्त आवास पर तैनात गारद में दो सिपाही नदारद मिले तो उन्हें निलंबित कर दिया। उसके बाद मुख्य चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को चेकिंग करने के निर्देश दिए।
एसएसपी जब मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के आवास पर पहुंचीं, तो वहां पहरे पर सिपाही तो मिला, बाकी गारद में तैनात सिपाही नहीं मिले। मंडलायुक्त के शहर से बाहर होने के चलते सिपाही भी गायब थे। एसएसपी ने दोनों सिपाहियों पुष्पेंद्र राठी और वीरेश कुमार को निलंबित कर जांच बैठा दी।
उसके बाद एसएसपी कमिश्नर आवास चौराहे पर पहुंचीं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से चेकिंग के बारे में जानकारी ली। जीरो माइल, कंकरखेड़ा बाईपास और परतापुर तिराहे पर भी ड्यूटी चेक की। एसएसपी ने फटकार लगाते हुए कहा कि रात में अलर्ट रहकर चेकिंग करें। रेलवे रोड चौराहे पर यूपी 100 की गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछा कि दिन में कितनी सूचना आयीं।
एसएसपी रेलवे रोड थाने पहुंचीं तो एसओ रेलवे रोड कमलेश शुक्ला थाने में ही मिले। एसएसपी ने एसओ और मुंशी से पूछा कि दिन में कितनी तहरीर आईं और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्या जांच पड़ताल की। एसएसपी ने निर्देश दिए कि यदि किसी थी पीड़ित की सुनवाई नहीं हुई तो सस्पेंड कर दूंगी। थाने से दो इनामी बदमाशों के नाम नहीं बताने पर ड्यूटी मुंशी को निलंबित करने की चेतावनी दी। एसएसपी के अचानक सड़क पर उतरने का पता चलते ही थाना प्रभारी और सीओ भी चेकिंग के लिए उतर आये। वहीं, एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने भी बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा, एल ब्लॉक और तेजगढ़ी चौकी पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की।