साहब, मेरा बेटा लुटेरा है तो गोली मार दो
पांच करोड़ की लूट में शामिल भगत सिंह के घर छह घंटे चली छानबीन
छुर निवासी परिवार 12 साल से वंडर सिटी में रह रहा है किराए पर
बेटे की करतूत का पता चलते ही मां बेहोश, 80 वर्षीय दादी भी सदमे में
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
बेगमपुल पर बृहस्पतिवार शाम पांच करोड़ रुपये का सोना लूट के मामले में पुलिस ने जीपीएस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की तो हिंदु युवा वाहिनी का नेता भगत सिंह (25) मुख्य आरोपी निकला। आरोपी जिस बैग में सोना ले गए, उसमें जीपीएस लगा था। उसके आधार पर लेकर वंडर सिटी कॉलोनी ट्रेस हुआ।
घटना के बाद एसपी डॉ. बीपी अशोक, एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी मुजफ्फरनगर और पूर्व एसपी सिटी रणविजय सिंह ने आठ सीओ, 15 थानों की पुलिस, एसटीएफ और सर्विलांस टीम के साथ कॉलोनी को घेर लिया। एसपी क्राइम बीपी अशोक ने भगत सिंह की मां सोहनवीरी से पूछा कि आपका बेटा भगत कहां है तो वह कुछ समझ नहीं पायी। एसपी क्राइम ने उनको बताया कि आपके बेटे ने पांच करोड़ रुपये का 15 किलो सोना लूटा है। बेटे की यह करतूत सुनकर मां बेड पर बेहोश होकर गिर गईं। इसी बेड पर भगत की 80 वर्षीय दादी सुखवीरी भी लेटी थीं। यह देखकर पुलिस अफसर ठिठक गए। बाद में पड़ोस की एक महिला ने आकर उनको संभाला।
करीब 15 मिनट बाद महिला को होश आया तो पुलिस अफसरों के हाथ जोड़कर रोने लगीं। सोहनवीरी ने एसपी क्राइम से कहा कि साहब, यदि मेरा बेटा लुटेरा है तो उसे गोली मार दो। पता नहीं कौन से दिन की करनी मुझे भुगतनी पड़ रही है। मेरे लिए तो दो रोटी और नमक ही बहुत है। पति और बेटे की करतूत से शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। मां ने बताया कि भगत मारपीट के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
सरधना थाने का हिस्ट्रीशीटर है धूम सिंह
भगत सिंह तालियान का पिता धूम सिंह पहलवान वंडर सिटी कालोनी की समिति का पदाधिकारी है। एसपी सिटी के अनुसार पिता सरधना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसका क्रॉकरी का काम है। धूम सिंह की मां सुखवीरी, पत्नी सोहनवीरी के अलावा परिवार में तीन बेटे भगत सिंह तालियान, सुंदर सिंह और और छोटा बेटा बच्चू हैं। भगत बीए की पढ़ाई कर वार्ड 41 से पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है। दूसरा बेटा टायर की दुकान करता है। बच्चू सिंह पढ़ रहा है।