पुलिस ने प्रगति नगर में लॉटरी के नाम पर सौ से ज्यादा लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कंपनी के संचालक की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन धीरज शुक्ला के अनुसार प्रगति नगर में कुछ समय पहले डायनामिक प्रिज्म एग्रो टेक नाम से कंपनी का ऑफिस खोला गया था। कंपनी के मालिक अभिषेक कुमार, सह निदेशक अजित लॉटरी और एफडी बनवाने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। पीड़ितों से लाखों रुपये जमा कराने के बाद उन्हें फर्जी रसीदें थमा दी गईं। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लोगों को शनिवार देर रात पता चला कि कंपनी के संचालक ऑफिस की सभी फाइलें और कागजात बेचकर फरार हो गए। इसके बाद 70-80 पीड़ितों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। पुलिस ने बताया कि नामजद अजित निवासी मीनाक्षीपुरम थाना गंगानगर और रवि कुमार निवासी प्रगति नगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पकड़े जाने पर पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता रविंद्र तेवतिया भी समर्थकों के साथ थाने पहुंच गये। आरोपी युवकों ने बताया कि ठगी की कुछ रकम उन्होंने खातों में जमा कर दी, जबकि अधिकतर रकम अभिषेक के पास है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन का कहना है कि जल्द ही अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्य बातें
लॉटरी के नाम पर ठगी कर संचालक समेत फरार हुए थे आरोपी
पिछले दो दिन से भाजपा नेता और कालोनी के लोग कर रहे थे गिरफ्तारी की मांग