फर्नीचर व्यापारी से मांगी 50 लाख की रंगदारी
मेरठ। शास्त्रीनगर में चिट्ठी भेजकर एक फर्नीचर व्यापारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी का मामला सामने आया है। कुख्यात ने धमकी दी कि अगर उसने पुलिस को सूचना दी तो अंजाम ठीक नहीं होगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
शास्त्रीनगर निवासी फर्नीचर व्यापारी रामजी लाल के घर पर चार दिन पहले चिट्ठी आई। जिसमें कुख्यात सतीश गिरि के नाम से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इसको लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने इसकी सूचना एसएसपी को दी। एसएसपी ने तुरंत मुकदमा पंजीकृत कराया। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपी सतीश गिरि मुरादाबाद जेल में बंद है। जिसकी जांच करनी शुरू कर दी। कुख्यात सतीश शहर के दर्जनों व्यापारियों से रंगदारी मांग चुका है।
रंगदारी न देने पर ब्रह्मपुरी में पार्षद राजीव काले पर जानलेवा हमला कर चुका है। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में महामंडलेश्वर की हत्या कर चुका है। प्रेसवार्ता में अधिकारियों के सामने व्यापारी नेता को जान से मारने की धमकी दे चुका है। पुलिस कस्टडी से दो बार भाग चुका है। कोर्ट उसको एक मामले में उम्रकैद की सजा सुना चुकी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सतीश से जेल में जाकर पूछताछ की जाएगी। चिट्ठी सतीश गिरि ने भेजी है कि किसी दूसरे ने। इसकी जांच कराई जा रही है।
खास बातें:
नौचंदी थाने में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी