इनामी शहजाद के खिलाफ चार्जशीट, खुलेगी हिस्ट्रीशीट
मेरठ। परीक्षितगढ़ थाने में बवाल करने के आरोपी शहजाद के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में पुलिस की तरफ से 50 नामजद और 600 अज्ञात के खिलाफ आगजनी, तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला करने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था। जिसमें पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शहजाद पूर्व विधायक योगेश वर्मा का बाउंसर भी रह चुका है।
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि जून 2017 में ईद की नमाज के बाद सैकड़ों लोगों ने थाने में हिरासत में लिए दो मुल्जिमों को छुड़ा लिया था। जिसके बाद भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ कर वाहनों में आगजनी कर पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। केस की विवेचना थाना प्रभारी कर रहे हैं। इस मामले में बवाल करने का आरोपी शहजाद निवासी परीक्षितगढ़ हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले आया था। एसपी देहात ने बताया कि जो भी आरोपी जेल में हैं या कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले आए, सभी के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। शहजाद पर अलग-अलग थानों में आधा दर्जन मुकदमे हैं, जिसकी हिस्ट्रीशीट सोमवार तक खोल दी जाएगी।
नव विवाहिता का किया अपहरण
शहजाद और उसके साथियों ने परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नव विवाहिता का दस दिन पहले अपहरण किया था। जिसमें पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त कार बरामद कर दो आरोपी जेल भेज दिए। लेकिन मुख्य आरोपी शहजाद अभी नहीं मिला। एसएसपी ने शहजाद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। वहीं नव विवाहिता की बरामदगी को लेकर लगातार भाकियू नेता और ग्रामीण पुलिस अफसरों के सामने पंचायत का ऐलान कर रहे हैं। पुलिस ने शुक्रवार रात शहजाद की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।