कंकरखेड़ा (मेरठ)। किशोरी बेटी से सौतेला पिता करीब छह माह से डरा धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। गर्भवती होने पर किशोरी ने अपनी मां को बताया तो भांडा फूट गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने आरोपी को जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी एक महिला घरों में काम करती है। पति की करीब 10 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने एक ट्रक चालक से शादी कर ली थी। यह महिला करीब छह माह पहले अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर हरियाणा मायके चली गई थी। इस बीच आरोपी ने 14 वर्षीय किशोरी से डरा धमकाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला।
थाना कंकरखेड़ा पर आरोपी ओमप्रकाश के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बताया गया कि आरोपी ने इसके बाद किशोरी से कई बार दुष्कर्म किया। किशोरी को उसने धमकी दे रखी थी कि यदि किसी को बताया तो वह उसे मार डालेगा। कुछ दिन पहले ही मां लौटी तो बृहस्पतिवार को अचानक किशोरी की तबियत बिगड़ गई। मां ने शक होने पर सख्ती से पूछा तो किशोरी ने उसे सब बता दिया। जिसके बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सौतेले पिता की करतूत के बारे में बताया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा प्रशांत कपिल के अनुसार आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
तू इंसान नहीं हैवान है
किशोरी की मां ने थाने में आरोपी को खूब खरीखोटी सुनाई। रोते-रोते बस यही कह रही थी कि अगर उसे पता होता कि तू हैवान है तो अपनी बेटी को तेरे भरोसे छोड़कर ना जाती। अब बेटी छह माह की गर्भवती है। उसके भविष्य का क्या होगा। कैसे उसकी शादी होगी और कौन उससे शादी करेगा। गर्भ में पल रहे इस पाप को लेकर कहां जाएगी। किशोरी के साथ थाने आईं महिलाएं भी तरह-तरह की चर्चा कर रही थीं।
खास बात
- छह माह की गर्भवती होने पर किशोरी ने मां को बताया तो भांडा फूटा
- लोगों ने आरोपी को जमकर पीटा, फिर किया पुलिस के हवाले