मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र के मोहनपुरी स्थित विकास विहार में सीओ सिविल लाइन ऑफिस के सामने दो परिवार को बंधक बनाकर हुई डकैती के मामले का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूटा हुआ सामान बरामद किया। पुलिस का दावा कि सात दिन रेकी कराने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी अखिलेश कुमार, एसपी सिटी रणविजय सिंह और एएसपी सतपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर हताया कि बदमाशों ने सीओ ऑफिस के सामने रिटायर्ड इंजीनियर श्रीप्रकाश गोयल, डीएम ऑफिस में तैनात क्लर्क राकेश गुप्ता के मकान में डकैती की वारदात की थी। बदमाशों की तलाश में एसपी सिटी और क्राइम ब्रांच की टीम लगी थी। मुखबिर की सूचना पर सूरजकुंड पर एक सराफ को जेवरात बेचने आते पांचों बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने तलाशी के दौरान से दोनों घरों से लूटा हुआ कैश और जेवरात बरामद कर लिए। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की बात कही है। इस वारदात में नौ बदमाश शामिल थे। फरार चार बदमाशों की तलाश जारी है।
य हैं पकड़े गए बदमाश
पकड़े गए बदमाश शानू पुत्र तहजीम निवासी बास वाली गली माधवपुरम ब्रह्मपुरी, आरिफ पुत्र जान मोहम्मद निवासी गोल्डन कॉलोनी लिसाड़ीगेट, शाहिद पुत्र राशिद निवासी शाहपीर गेट कोतवाली, सुहैल पुत्र शाहबुद्दीन निवासी डबरिया पिलखुआ हापुड़ और ललित कुमार पुत्र जयवीर सिंह निवासी खत्ता रोड शिव मंदिर ब्रह्मपुरी को हैं। उनके पास से सोने की चार चूड़ी, दो अंगूठी, 25 हजार कैश, चार चांदी के सिक्के, आधा किलो चांदी, एक पिस्टल, दो तमंचे और दो कार बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार अभी बरामद नहीं हुई।