मेरठ। जीआईसी के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला अधिवक्ता से पर्स लूट लिया। सूचना के 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची पुलिस पीड़िता से ही सवाल जवाब करने में लग गई।
सिविल लाइन क्षेत्र निवासी चित्रलेखा अधिवक्ता हैं। बुधवार को वह अपने साथी अधिवक्ता आकाश बत्रा के साथ आबू प्लाजा स्थित ऑफिस से रिक्शा से घर लौट रही थीं। जीआईसी के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने उनसे पर्स झपट लिया। इस दौरान चित्रलेखा रिक्शा से गिरने से बचीं। शोर मचने पर आसपास के लोग लुटेरों के पीछे दौड़े। लेकिन लुटेरे बच्चा पार्क की तरफ फरार हो गए। पर्स में आठ हजार रुपये, दो मोबाइल और अन्य कीमती कागजात थे। महिला ने लालकुर्ती थाने में लूट की तहरीर दी है।