दीवान के बेटे ने किशोरी से की छेड़छाड़, भेजा जेल
मोदीनगर। कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी किशोरी से दीवान के बेटे ने छेड़छाड़ की। छेड़छाड़ की रिपोर्ट लिखे जाने पर आरोपी युवक ने डायल 100 पर खुद के अपहरण की झूठी सूचना दे दी। इसके बाद आरोपी के पिता दीवान ने कोतवाली में जमकर बवाल किया। हालांकि कोतवाली पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी को जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में एक परिवार रहता है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को आए दिन आते-जाते मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के मोइद्दीनपुर चौकी में तैनात दीवान का बेटा उससे छेड़छाड़ करता है। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे भी युवक ने किशोरी से छेड़छाड़ की। इस पर किशोरी के पिता ने डायल-100 पर सूचना दे दी। छेड़छाड़ की रिपोर्ट लिखे जाने की सूचना पर आरोपी युवक ने एक घंटे बाद डायल 100 पर खुद के अपहरण की झूठी सूचना दी और अपहरण का आरोप पीड़िता के पिता पर लगा दिया। पुलिस के अनुसार, उस समय पीड़ित किशोरी का पिता कोतवाली में ही था। उधर, बेटे के अपहरण की सूचना पर कोतवाली पहुंचे दीवान ने जमकर बवाल किया। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान परीक्षित पुत्र सतीश निवासी निवाड़ी रोड के रूप में हुई है। सतीश मेरठ की मोइद्दीनपुर चौकी में दीवान हैं। आरोपी परीक्षित को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।