देर रात कारोबारी के घर के बाहर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ में जली कोठी से सटे पटेल नगर से एक कारोबारी के बेटे को बदमाशों ने अगवा कर लिया। बदमाशों ने कारोबारी से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। पुलिस अफसर छात्र को सकुशल बरामद करने में जुटे हैं। हालांकि चर्चा है कि अपहरणकर्ता ने छह करोड़ की फिरौती मांगी है।
देहली गेट थानाक्षेत्र अंतर्गत पटेलनगर निवासी हाजी इरफान का बेटा अरसम उर्फ अरशद (15) गुरु तेग बहादुर स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। इरफान का स्क्रैप और बैंडबाजों का सामान बनाने का कारोबार है। पुलिस के अनुसार अरशद शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर से स्कूटी से गया था। शाम छह बजे तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन वह स्विच ऑफ था। काफी तलाश के बाद भी अरशद का पता नहीं लगा।
पुलिस के मुताबिक देर रात बदमाशों ने अरशद के परिजनों को कॉल कर दो करोड़ रुपये फिरौती मांग ली। जिसके बाद परिजनों में खलबली मच गई। परिजनों ने इसकी सूचना देहली गेट इंस्पेक्टर को दी। छात्र के अपहरण की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी और सीओ कोतवाली मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने बताया कि कारोबारी के बेटे का अपहरण कर बदमाशों ने दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इस मामले में क्राइम ब्रांच को भी लगाया है। छात्र को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस टीम लगी है।
कंपनी बाग से बरामद स्कूटी
पुलिस के मुताबिक अरशद की स्कूटी कंपनी बाग से बरामद हो गई। पुलिस ने अरशद के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली है। पीड़ित परिवार का मानना है कि अपहरणकर्ताओं ने किसी परिचित के माध्यम से अरशद को कॉल करके बुलाया और फिर उसको अगवा किया है।