चुनाव के लिए बिहार ले जाई जा रही 102 पेटी शराब पकड़ी
हरियाणा मार्का शराब के साथ ट्रक मालिक और चालक गिरफ्तार
चिप्स के पैकेट में छिपा रखी थी शराब, बिहार है प्रतिबंधित राज्य
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लोकसभा चुनाव आते ही शराब प्रतिबंधित प्रदेशों में ऑन डिमांड तस्करी शुरू हो गई है। टीपीनगर पुलिस ने बिहार ले जाई जा रहीं 102 पेटी तस्करी की शराब सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद कुमार गौतम ने बताया कि रविवार की सुबह सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने बागपत रोड पर मलियाना फ्लाईओवर पर पंजाब नंबर के ट्रक को रोका। ट्रक की तलाशी लेने पर चिप्स के पैकेटों के बीच छिपाकर रखी गई हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई। ट्रक मालिक किशन और चालक दलजीत को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पंजाब के रहने वाले हैं।
इंस्पेक्टर का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब पंजाब के रास्ते बिहार ले जा रहे थे। शनिवार को हरियाणा के यमुनानगर से ट्रक में शराब की पेटी भरीं थी। शराब पहुंचाने के लिए 40 हजार रुपये तय हुए थे। रात में ट्रक को हाईवे से बागपत रोड पर लाए थे। ट्रक खड़ा करने के बाद बागपत रोड पर ही खाना खाया था। ये शराब लोकसभा चुनाव में खपाई जानी थी। बरामद शराब की कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है।