अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव खंदावली से रविवार को रिश्तेदारी से बाइक पर बच्चों के साथ लौट रहे दंपती को बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। उन्होंने बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर महिला से सोने के कुंडल एवं 2500 रुपये लूट लिये। ग्रामीणों की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
गांव पीपलीखेड़ा निवासी अलाउद्दीन पुत्र नसरूद्दीन तीन छोटे बच्चों एवं पत्नी नरगिस के साथ सुबह में बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल गांव खंदावली गया था। वे सभी दोपहर करीब दो बजे वापस अपने गांव पीपलीखेड़ा के लिए चल दिए। वह गांव खंदावली से धनौटा होते हुए पीपलीखेड़ा जा रहा था। वह गांव धनौटा से बाहर निकला तो सामने से आ रही सफेद अपाचे बाइक सवार तीन युवकों ने रुकने का इशारा किया। अलाउद्दीन ने बाइक रोकी तो दो बदमाशों ने तमंचे निकाल लिये तथा बाइक पर आगे बैठे पांच वर्षीय बेटे को गन प्वाइंट पर ले लिया। वे नरगिस के कुंडल व अलाउद्दीन से रुपये लूटने लगे। आरोप है कि अलाउददीन ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने पिटाई कर दी। इसके बाद बदमाश अलाउद्दीन से 2500 रुपये व नरगिस से सोने के कुंडल लूटकर हापुड़ रोड की ओर फरार हो गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे गांव धनौटा के प्रधान आशीष लोहिया ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
वर्जन
मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -आलोक कुमार सिंह, सीओ किठौर।
मुख्य बातें
पीड़ित खंदावली से बाइक पर सवार होकर गांव पीपलीखेड़ा लौट रहा था
ग्राम धनौटा के समीप बदमाशों ने की वारदात