सवारी बनकर हथियार बंद बदमाशों ने टेंपो लूटा
खरखौदा। खरखौदा स्टैंड से बीमार सवारी बनकर किराये पर टेंपो करके ले गए बदमाशों ने बवनपुरा के जंगल में चालक को गन प्वाइंट पर ले लिया। चालक के साथ मारपीट करते हुए टेंपो लूट लिया। ग्रामीणों की मदद से पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर थाना पुलिस ने चालक पूछताछ की। चालक ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
खरखौदा थाना क्षेत्र के उलधन गांव निवासी प्रवीन पुत्र बिजेंद्र टेंपो चालक है और खरखौदा से उलधन रूट पर टेंपो चलाता है। प्रवीन के मुताबिक वह रविवार दोपहर उलधन स्टैंड पर सवारियों के इंतजार में खड़ा था। तभी बाइक सवार दो युवक व तीसरा युवक उसके पास पैदल पहुंचा। बाइक सवार एक युवक को बीमार बताते हुए टेंपो रजपुरा गांव के लिए किराये पर कर लिया। दो युवक टेंपो में सवार होकर गांव के लिए चल दिया। जैसे ही वह बवनपुरा गांव से आगे निकला तभी बाइक सवार उक्त युवक उन्हें रास्ते में खड़ा मिला। इस बीच टेंपो में बैठे युवक ने ज्यादा तबियत खराब बताते हुए टेंपो रोकने के लिए कहा। जैसे ही प्रवीन ने टेंपो रोका तभी पीछे बैठे एक युवक ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। एक युवक ने उसे टेंपो से बाहर धक्का दे दिया। प्रवीन के मुताबिक वह बदमाशों से डरकर गांव में घुस गया और मामले की जानकारी दी। जानकारी पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना के बारे में पूछताछ की। बदमाशों की क्षेत्र में कांबिंग की गई, पर बदमाश पहले ही फरार हो गए। पीड़ित थाने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
टेंपो चालक से मामले की जानकारी ली जा रही है। प्रथम दृष्टा से मामला पैसे के लेनदेन का लग रहा है। -- कुलवीर सिंह, थानाध्यक्ष खरखौदा।