सुपरहिट जोड़ी, दुपट्टा तो भगवा है
मेरठ। फेसबुक पर 24 घंटे पहले अपलोड एक सेल्फी को करीब 300 लाइक मिलीं। 14 ने इसे शेयर किया तो 80 लोगों ने कमेंट्स किए। इनमें कई कमेंट्स तो आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले हैं। यह सेल्फी हिस्ट्रीशीटर शहजाद की परीक्षितगढ़ से अपहृत नवविवाहिता के साथ होना बताया गया। लेकिन पुलिस का सर्विलांस सिस्टम और साइबर सेल उसे ढूंढने में फेल साबित हो रहा है।
थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र निवासी एक नवविवाहिता का 8 अप्रैल को शहजाद ने अपहरण कर लिया था, जब वह अपने पति के साथ जा रही थी। शहजाद के खिलाफ अपहरण का नामजद मुकदमा दर्ज है। इसको लेकर सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। महापंचायत का एलान किया गया। लेकिन पुलिस ने नवविवाहिता की जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर इसे टाल दिया। लेकिन एक माह बाद भी शहजाद की लोकेशन तक नहीं ले पाई। इस मुकदमे की पैरवी कर रहे नवविवाहिता के भाई को चार दिन पहले भावनपुर इलाके में गोली मार दी गई थी। जिसमें शहजाद समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। शहजाद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस ने यह दिया आश्वासन
शनिवार को भाजपा विधायक दिनेश खटीक और सतवीर त्यागी ने परीक्षितगढ़ के सैकड़ों लोगों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर इस प्रकरण में गहरी नाराजगी जतायी थी। यहां तक कहा था कि अब हमारी सरकार में भी ऐसा गुंडाराज चलेगा क्या। अपहरण का आरोपी शहजाद हाईकोर्ट तक पहुंच गया और पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाई, जबकि इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति है। एसएसपी ने आश्वस्त किया था कि आरोपी शहजाद महिला के साथ पांच मई को हाईकोर्ट में पेश हुआ था। लेकिन अभी हाईकोर्ट से कॉपी डाक द्वारा हमें नहीं मिली। शहजाद और महिला ने शादी करना बताया है। महिला की दूसरी शादी उसके परिजनों द्वारा जबरन करना बताया है। शहजाद पुलिस पर जानलेवा हमले के मुकदमे में भी वांछित है। उसकी तलाश जारी है।
सिस्टम नहीं पकड़ पा रहा
शहजाद के एफबी एकाउंट से 19 मई को यह सेल्फी अपलोड की गई, उसमें उसके साथ अपहृत नवविवाहिता का होना बताया गया। इस सेल्फी का बैकग्राउंड अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर का दिखाई दे रहा है। सेल्फी पर शहजाद के एफबी फ्रेंड्स ने कई कमेंट्स किए। किसी में इसे सुपरहिट जोड़ बताया तो किसी ने लिखा कि प्यार की जीत। एक एफबी फ्रेंड ने आपत्तिजनक कमेंट किया कि ‘दुपट्टा तो भगवा है’ तो एक ने शहजाद को शेर की संज्ञा दे डाली। यही नहीं, नवविवाहिता की बिरादरी की कुछ फेसबुक फ्रेंड्स ने भी इस पर कमेंट्स किए हैं। शहर के एक नेता की टाइमलाइन पर भी शहजाद ने यह सेल्फी शेयर की। लेकिन उसके बावजूद भी साइबर सेल और सर्विलांस सिस्टम कुछ नहीं कर पा रहा है।
आठ युवक हिरासत में
पुलिस अफसरों ने रविवार को बताया कि एफबी पर शहजाद की सेल्फी पर कमेंट्स करने वाले आठ युवकों को परीक्षितगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। शहजाद की गिरफ्तारी को लेकर एसपी क्राइम शिवराम यादव के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमें लगी हैं। साइबर सेल और सर्विलांस की टीम भी अलग से काम कर रही है।
खास बातें:
नवविवाहिता के अपहरण में वांटेड शहजाद सोशल मीडिया पर अपडेट
एफबी पर नवविवाहिता के साथ अपलोड फोटो पर 300 लाइक, 14 शेयर, 80 कमेंट्स
इनमें कई कमेंट्स आपत्तिजनक, सर्विलांस और साइबर सेल फेल साबित